Dehradun, 31 october2026। उत्तराखंड में प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के जवानों को मानदेय वृद्धि का लाभ जल्द मिल सकता है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जवानों के मानदेय में बढ़ोतरी की घोषणा करते हुए कहा कि इस संबंध में शीघ्र बैठक आयोजित कर आवश्यक निर्णय लिया जाएगा। मुख्यमंत्री के इस ऐलान से लंबे समय से मानदेय बढ़ाने की मांग कर रहे पीआरडी जवानों में उम्मीद जगी है।
मुख्यमंत्री धामी ने शनिवार को देहरादून के पवेलियन ग्राउंड में राष्ट्रीय एकता दिवस पर आयोजित रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम के दौरान यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि पीआरडी जवान प्रदेश की व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। विभिन्न सरकारी विभागों, संस्थानों, सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन में उनकी सेवाएं अहम हैं। उनके योगदान और जिम्मेदारियों को देखते हुए मानदेय बढ़ाने की दिशा में सरकार कदम उठाएगी। हालांकि, बढ़ोतरी की राशि और इसे लागू करने की समयसीमा का निर्णय प्रस्तावित बैठक में होगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश की प्रत्येक ग्राम पंचायत में मुख्यमंत्री खेल क्लब गठित करने का भी ऐलान किया। इन क्लबों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के साथ युवाओं को स्थानीय स्तर पर अभ्यास और प्रतियोगिताओं के अवसर मिलेंगे।
धामी ने कहा कि प्रदेश के युवाओं में प्रतिभा की कमी नहीं है। सरकार उन्हें बेहतर मंच और सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। खेल क्लबों के जरिए युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ने और उन्हें नशे जैसी बुराइयों से दूर रखने का प्रयास किया जाएगा।
पीआरडी जवानों को तोहफा जल्द: धामी
Leave a comment
Leave a comment




