Uttrakashi, 31 October2026 । गंगोत्री क्षेत्र के दुर्गम केदारताल ट्रेक पर खराब मौसम और भारी बर्फबारी ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं। हिमस्खलन के चलते रास्ता बंद होने से ट्रेकिंग पर गया दल निर्धारित समय पर वापस नहीं लौट सका। दल के आठ सदस्य भोजखड़क से आगे फंसे हुए हैं, जबकि चार सपोर्ट स्टाफ को सुरक्षित निकाल लिया गया है। फंसे लोगों में एक के घायल होने की सूचना है।
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देश पर प्रशासन ने बचाव अभियान तेज कर दिया है। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, वन विभाग और ट्रेकिंग एजेंसी की टीमें रेस्क्यू में जुटी हैं। शनिवार सुबह उत्तरकाशी से एनडीआरएफ की 10 सदस्यीय टीम गंगोत्री के लिए रवाना हुई। इसके अलावा एसडीआरएफ के छह जवान, वन विभाग के दो कर्मचारी और ट्रेकिंग एजेंसी के सात सदस्य भी अभियान में शामिल हैं।
जिलाधिकारी के अनुसार 27 अक्टूबर को सात ट्रेकर्स और छह सपोर्ट स्टाफ सहित कुल 13 लोग केदारताल के लिए निकले थे। 29 अक्टूबर को उनकी वापसी प्रस्तावित थी। 30 अक्टूबर को ट्रेकिंग एजेंसी के माध्यम से फोन पर संपर्क हुआ, तब दल ने कच्ची ढांग के पास फंसे होने की जानकारी देकर सहायता मांगी।
इसके बाद पोर्टर और गाइड की टीम ने करीब छह किलोमीटर तक रास्ता खोलने का प्रयास किया। गंगोत्री राष्ट्रीय उद्यान से मिली जानकारी के मुताबिक तीन पोर्टर और एक कुक सुरक्षित मिल गए हैं। शेष आठ लोगों तक पहुंचने की कोशिश जारी है। एक घायल व्यक्ति के लिए प्राथमिक उपचार की व्यवस्था की जा रही है।
दुर्गम पहाड़ी रास्ते और लगातार हिमस्खलन के खतरे के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में बाधाएं आ रही हैं। प्रशासन ने जरूरत पड़ने पर फंसे लोगों को निकालने के लिए हेलीकॉप्टर की व्यवस्था के संबंध में भी संबंधित विभागों से संपर्क किया है।




