Radha, Rangeeli and Raja to Take Tourists on a Ride — Elephant Safari to Resume in Rajaji Tiger Reserve from November
हरिद्वार, 28 अक्टूबर 2025। उत्तराखंड के हरिद्वार स्थित राजाजी टाइगर रिजर्व के चीला रेंज में एक बार फिर सैलानियों के लिए रोमांचक सफर शुरू होने जा रहा है। नवंबर में पार्क के गेट खुलते ही कई वर्षों से बंद पड़ी हाथी सफारी दोबारा शुरू होगी। इस बार सैलानियों को जंगल की सैर कराने के लिए राधा, रंगीली और राजा जैसे प्रशिक्षित हाथी तैयार हैं, जो राजाजी की हरियाली और रोमांच से पर्यटकों को रूबरू कराएंगे।
चीला रेंज के हाथी बाड़े में वर्तमान में सात हाथी हैं—तीन हाथी, तीन हथिनी और एक छोटा हाथी। इनमें 37 वर्षीय राधा, 38 वर्षीय रंगीली और 27 वर्षीय राजा विशेष आकर्षण का केंद्र हैं। ये सभी शांत और अनुशासित हाथी हैं, जिनकी पीठ पर सवार होकर सैलानी जंगल की सैर का अनोखा अनुभव लेंगे।
कभी भेल क्षेत्र में “खूनी हाथी” कहे जाने वाले राजा का जीवन अब पूरी तरह बदल चुका है। वर्ष 2019 में तीन लोगों की जान लेने के बाद पुनर्वास के लिए उसे चीला रेंज लाया गया था। वर्षों के प्रशिक्षण और देखभाल के बाद आज वही राजा सबसे आज्ञाकारी और भरोसेमंद हाथी बन गया है।
हाथी बाड़ा इंचार्ज कंचन नौटियाल ने बताया कि राजा अब सबकी कमांड तुरंत मानता है और सफारी का सबसे शांत साथी है। वहीं, रेंजर बिजेंद्र दत्त तिवारी ने कहा कि अनुमति मिलते ही हाथी सफारी शुरू की जाएगी।
चीला रेंज में हाथी सफारी की वापसी से पर्यटन को नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है। पर्यटक यहां जंगल के सौंदर्य, रोमांच और वन्यजीव संरक्षण की कहानी का प्रत्यक्ष अनुभव कर सकेंगे I
