Tuni Woman Marries Illegal Bangladeshi, Helps Husband Get Forged Indian Documents
देहरादून, 22 नवंबर2025 : नेहरू कॉलोनी पुलिस और एलआईयू की संयुक्त कार्रवाई में एक बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। त्यूनी क्षेत्र की एक युवती रीना चौहान ने न सिर्फ बांग्लादेशी युवक से अवैध रूप से निकाह किया, बल्कि उसके भारत में रहने के लिए फर्जी पहचान पत्र भी बनवाए। आरोपी युवक ममून हसन बीते चार वर्षों से सचिन चौहान नाम पर दून में रह रहा था।
पुलिस ने गुरुवार को नेहरू कॉलोनी क्षेत्र से बांग्लादेश निवासी ममून हसन, निवासी मुजीबनगर जिला मेहरपुर, को गिरफ्तार किया। उसकी पत्नी रीना चौहान भी फर्जी दस्तावेज तैयार कराने के आरोप में पुलिस की गिरफ्त में है। जांच में पता चला कि दोनों की दोस्ती फेसबुक के जरिए हुई थी, जिसके बाद नजदीकियां बढ़ीं।
ममून हसन 2019 में पहली बार टूरिस्ट वीजा पर भारत आया और देहरादून में रीना से मिला। दो महीने यहां रहने के बाद वह वापस लौट गया। 2020 और 2021 में वह दोबारा वीजा पर भारत आया, लेकिन कोरोना काल में वीजा समाप्ति के बाद उसने रीना को अवैध तरीके से सीमा पार कर बांग्लादेश ले गया, जहां दोनों ने निकाह किया। इसके बाद दोनों अवैध रूप से भारत लौटे और देहरादून में पति-पत्नी की तरह किराए पर रहने लगे।
रीना ने स्वीकार किया कि वह अपने पूर्व पति के नाम पर ममून हसन के लिए फर्जी पहचान पत्र बनवाकर उसे सचिन चौहान बनाकर दिखा रही थी। इसी नाम से ममून दून के एक क्लब में बाउंसर की नौकरी कर रहा था।
पुलिस अब यह जांच कर रही है कि फर्जी दस्तावेज तैयार कराने में कौन-कौन शामिल था और ममून हसन ने अब तक इन नकली प्रमाण पत्रों का किन-किन जगहों पर उपयोग किया। मामला बांग्लादेशी नागरिक की अवैध घुसपैठ, फर्जी दस्तावेज निर्माण और पहचान छिपाने से जुड़े गंभीर आरोपों से संबंधित है।
