Leopard Kills Another Man in Pauri; Forest Department Begins Trapping and Monitoring
पौड़ी, 4 दिसंबर 2025 : पर्वतीय क्षेत्रों में गुलदार का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ताज़ा मामला इडवालस्यूं क्षेत्र के चवथ पट्टी का है, जहां गुरुवार सुबह गुलदार ने एक और व्यक्ति की जान ले ली। घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है। गुस्साए ग्रामीणों ने वन विभाग के खिलाफ जमकर प्रदर्शन करते हुए आरोप लगाया कि कई दिनों से गतिविधियां दिखने के बावजूद विभाग ने समय पर कार्रवाई नहीं की। प्रदेश में इस वर्ष अब तक गुलदार 13 लोगों को अपना शिकार बना चुका है।
घटना सुबह करीब साढ़े आठ बजे की है। 42 वर्षीय राजेंद्र सिंह पूजा-अर्चना के लिए शिवालय गए थे। लौटते समय जंगल किनारे घात लगाए बैठे गुलदार ने उन पर अचानक हमला बोल दिया। ग्रामीणों के शोर मचाने पर गुलदार भाग तो गया, लेकिन गंभीर रूप से घायल राजेंद्र को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
गुलदार को नरभक्षी घोषित, शूटरों की तैनाती होगी
जिलाधिकारी स्वाति भदौरिया ने बताया कि गुलदार को नरभक्षी घोषित कर दिया गया है और जल्द ही गांव में शूटर तैनात किए जाएंगे। उन्होंने ग्रामीणों को हर संभव सुरक्षा उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
कैमरा ट्रैप, ड्रोन मॉनिटरिंग और पिंजरे लगाए जा रहे
वन विभाग ने क्षेत्र में कैमरा ट्रैप, ड्रोन मॉनिटरिंग, पीटीआरएस रैंक और पिंजरा लगाने जैसे उपाय शुरू कर दिए हैं। विभाग को 15 दिनों की विशेष अनुमति दी गई है, जिसके तहत लगातार निगरानी रखी जाएगी। जरूरत पड़ी तो अवधि बढ़ाई भी जा सकती है। विभाग ने ग्रामीणों, खासकर महिलाओं और बच्चों को सतर्क रहने तथा किसी भी सूचना को तुरंत विभाग तक पहुंचाने की अपील की है।
विधायक का घेराव
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय विधायक राजकुमार पौरी मौके पर पहुंचे। लेकिन आक्रोशित ग्रामीणों ने उनका घेराव कर नाराजगी जताई और क्षेत्र को जल्द गुलदार के आतंक से मुक्त कराने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।


