Dehradun Private Schools Fee Hike: DM Orders Strict Monitoring
देहरादून, 27 March 2026। नए शैक्षणिक सत्र से पहले देहरादून के निजी स्कूलों द्वारा की जा रही मनमानी फीस वृद्धि और महंगी किताबों की अनिवार्यता को लेकर जिला प्रशासन एक्शन मोड में आ गया है। जिलाधिकारी सविन बंसल ने साफ निर्देश दिए हैं कि स्कूलों की फीस संरचना और किताबों की खरीद से जुड़ी शिकायतों की गंभीरता से जांच की जाए। इसके लिए प्रशासन और शिक्षा विभाग की संयुक्त टीमें स्कूलों में जाकर पड़ताल करेंगी।
यह कदम उस समय उठाया गया है जब उत्तराखंड पत्रकार यूनियन ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर अभिभावकों की समस्याओं को सामने रखा। यूनियन ने आरोप लगाया कि कई निजी स्कूल नए सत्र की आड़ में फीस बढ़ाने के साथ-साथ अभिभावकों को महंगी किताबें खरीदने के लिए मजबूर कर रहे हैं।
यूनियन के अनुसार, जिले के अधिकांश स्कूलों में बोर्ड परीक्षाओं के दौरान ही नई कक्षाओं की पढ़ाई शुरू कर दी गई है और अप्रैल से फीस का नया ढांचा लागू करने की तैयारी है। ऐसे में अभिभावकों पर आर्थिक बोझ बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसी भी स्कूल द्वारा नियमों के विरुद्ध फीस वृद्धि या किताबों की अनिवार्यता थोपने पर सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि अभिभावकों की शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर लिया जाए और दोषी पाए जाने पर संबंधित स्कूलों के खिलाफ नियमानुसार कदम उठाए जाएं।
गौरतलब है कि पिछले वर्ष भी जिला प्रशासन ने कई स्कूलों पर कार्रवाई कर फीस बढ़ोतरी के मामलों में लगाम लगाई थी, जिससे अभिभावकों को राहत मिली थी। इस बार भी प्रशासन की सक्रियता से अभिभावकों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
यूनियन के प्रतिनिधिमंडल में दरबान सिंह, इंद्रेश कोहली, हरीश जोशी, सचिन गौनियाल और गीता बिष्ट सहित अन्य सदस्य शामिल रहे, जिन्होंने प्रशासन से लगातार निगरानी बनाए रखने की मांग की है।




