रुद्रप्रयाग : केदारनाथ पैदल मार्ग पर जंगल में भटकी एक महिला को एसडीआरएफ ने सुकुशल बचा लिया। महिला मुंबई की रहने वाली है।
शनिवार को SDRF पोस्ट लिनचोली पर नियुक्त उप निरीक्षक जितेन्द्र सिंह को DCR रुद्रप्रयाग के माध्यम से समय 09:25 बजे सूचना प्राप्त हुई कि श्री केदारनाथ जाने वाले पैदल मार्ग पर एक महिला बड़ी लिनचोली के पास फंसी हुई है। सूचना प्राप्त होते ही SDRF टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
जानकारी के अनुसार, वीरा पवार, उम्र 53 वर्ष, निवासी बांद्रा, मुम्बई, जो श्री केदारनाथ धाम की यात्रा पर थीं, बड़ी लिनचोली से आगे घोड़ों की आवाजाही और धक्कों के भय से शॉर्टकट मार्ग से जंगल की ओर चली गईं। भ्रमवश वे मुख्य मार्ग से लगभग 1 किलोमीटर दूर जंगल में चली गईं, जहां अत्यधिक थकावट के कारण वे चलने में असमर्थ हो गईं।
SDRF टीम द्वारा जंगल क्षेत्र में सर्चिंग कर उक्त महिला को तलाशा गया और आवश्यक सहयोग प्रदान करते हुए सकुशल मुख्य पैदल मार्ग तक लाया गया जिसके उपरांत SDRF टीम का आभार व्यक्त करते हुए महिला कुशलतापूर्वक पुनः श्री केदारनाथ धाम के लिए रवाना हुई।