उधम सिंह नगर (पीबी) : उधम सिंह नगर के काशीपुर में आज सुबह लगभग 10.30 बजे एक फैक्ट्री में हाइड्रोजन गैस सिलेंडर फटने से एक श्रमिक की मृत्यु हो गई, जबकि इस हादसे में 10 श्रमिक घायल हुए हैं। घायल श्रमिकों को नगर के चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
घटना की जानकारी मिलने पर मंडलायुक्त व सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत, जिलाधिकारी नितिन भदौरिया, एसएसपी मणिकांत मिश्रा,सीएमओ डॉ के के अग्रवाल ने चिकित्सालय पहुंचकर घायलों का हाल जाना और परिजनों से वार्ता की| सचिव मुख्यमंत्री ने घायलों के उचित इलाज के निर्देश दिये हैं। मुख्यमंत्री ने भी घटना पर दुःख व्यक्त किया है। सीएम ने कहा यदि किसी घायल को उपचार हेतु उच्च चिकित्सालय भेजना पड़े तो भेजा जाएगा। आयुक्त ने घटना की जांच कराने हेतु जिलाधिकारी को निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी नितिन भदौरिया ने कहा कि घायलों का हर सम्भव इलाज किया जा रहा है। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को चिकित्सालय में बने रहने के निर्देश दिए हैं।