Kedarnath Yatra suspended : Kedarnath Yatra Suspended Due to Heavy Rain | Police-Pilgrim Scuffle Viral
Kedarnath Yatra suspended : रुद्रप्रयाग, 13 अगस्त 2025: भारी बारिश के अलर्ट के कारण रुद्रप्रयाग जिला प्रशासन ने 12 अगस्त से तीन दिनों के लिए केदारनाथ धाम यात्रा बंद कर दी है। इसी क्रम में, पुलिस चौकी जवाड़ी और सोनप्रयाग पर श्रद्धालुओं को आगे बढ़ने से रोका जा रहा है। हालांकि, कुछ यात्रियों द्वारा पुलिस बैरिकेड्स तोड़कर आगे जाने की कोशिश के दौरान पुलिस और यात्रियों के बीच नोंकझोंक का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग, अक्षय प्रल्हाद कोंडे ने वायरल वीडियो के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि प्रशासन ने मौसम के पूर्वानुमान के मद्देनजर यात्रियों की सुरक्षा के लिए यह कदम उठाया है। केदारघाटी में अत्यधिक बारिश और कोहरे के कारण पूरे मार्ग पर काफी दिक्कतें आ रही हैं।
एसपी कोंडे ने स्पष्ट किया कि पुलिस यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उन्हें जगह-जगह रोक रही है। इसके बावजूद, कुछ यात्री स्थानीय परिवहन साधनों का उपयोग कर चोरी-छिपे सोनप्रयाग तक पहुँच रहे हैं। आज सुबह भी लगभग 100-150 यात्री सोनप्रयाग पहुँच गए थे और उन्होंने पुलिस से आगे जाने के लिए धक्का-मुक्की की। पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया, जिससे कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।
पुलिस अधीक्षक ने दोहराया कि यात्रा पूरी तरह से बंद है। मौसम में सुधार होने पर केदारनाथ में फंसे यात्रियों को सुरक्षित वापस लौटाया जाएगा। प्रशासन सभी यात्रियों से सहयोग करने और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील कर रहा है।