CM Dhami Janmashtami : CM Dhami Extends Janmashtami Greetings, Highlights Krishna’s Teachings
CM Dhami Janmashtami : देहरादून, 14 अगस्त 2025: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन संपूर्ण मानव जाति को अधर्म, अन्याय और अत्याचार के विरुद्ध संघर्ष की प्रेरणा देता है।
मुख्यमंत्री धामी ने जोर देकर कहा कि भगवान श्रीकृष्ण के जीवन चरित्र और उनके संदेशों से हमें सत्य, प्रेम, त्याग, शांति, सेवा भाव और सद्भावना की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण को मानवता का सच्चा संरक्षक और मार्गदर्शक बताया, जिनके उपदेश ‘गीता’ के रूप में आज भी हमें प्रेरित करते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने मनुष्य को निष्काम कर्म के प्रति समर्पित रहने तथा दीन-दुखियों एवं समाज के उपेक्षित वर्ग के कल्याण का संदेश दिया। उन्होंने यह भी बताया कि भगवान श्रीकृष्ण ने गीता में भक्ति, ज्ञान, योग व कर्म का जो संदेश दिया है, वह आज भी प्रासंगिक है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से भगवान श्रीकृष्ण के जीवन से प्रेरणा लेकर समाज में प्रेम, भाईचारे व समरसता की भावना को बढ़ावा देकर प्रदेश के विकास में भागीदार बनने का आह्वान किया।