Dehradun Police Arrests POCSO Accused After Seven Years from Pilibhit | Major Success in Crime Against Women and Children
देहरादून, 7 अक्टूबर 2025 : महिला एवं बाल अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत देहरादून पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने सात वर्षों से फरार चल रहे एक आरोपी को उत्तर प्रदेश के पीलीभीत से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर नाबालिग से दुष्कर्म और पोक्सो एक्ट के तहत गंभीर धाराओं में मामला दर्ज था।
यह मामला वर्ष 2018 में थाना नेहरू कॉलोनी क्षेत्र से संबंधित है। 25 जुलाई 2018 को केदारपुरम निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि दीपनगर निवासी बलविंदर सिंह उर्फ बग्गा ने उसकी 14 वर्षीय बहन को बहला-फुसलाकर अपने घर ले जाकर उसके साथ बलात्कार किया। इस पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
हालांकि बाद में अदालत से जमानत मिलने के बाद बलविंदर सिंह फरार हो गया और लगातार अपना ठिकाना बदलकर पुलिस की पकड़ से बचता रहा।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर फरार अभियुक्तों की धरपकड़ अभियान के तहत नेहरू कॉलोनी पुलिस ने मुखबिर तंत्र और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से आरोपी का पता लगाया। पुलिस ने 6 अक्टूबर 2025 को पीलीभीत जिले के भीकमपुर गांव में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।