PM Modi Highlights Cultural Pride with Garhwali Address in Uttarakhand
देहरादून, 10 नवंबर 2025 : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में अपने संबोधन की शुरुआत गढ़वाली बोली से कर पहाड़ की संस्कृति के प्रति अपने स्नेह और सम्मान का स्पष्ट संदेश दिया। उन्होंने कहा, “उत्तराखंड का म्यारा भै-बैंणों, दीदी-भुल्यों और दाणा-सयणों, आप सब तैं म्यारू नमस्कार, सेवा-स्योंली।” प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में तीन बार गढ़वाली वाक्यों का प्रयोग कर स्थानीय संस्कृति के गौरव का अहसास कराया।
मोदी ने कहा कि उत्तराखंड आज विकास की नई राह पर आगे बढ़ रहा है और “उत्तराखंड के पहाडू मां विकास कु नई बाटू खुलुणु छै।” उन्होंने लोगों से अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत पर गर्व करने का आह्वान किया।
प्रधानमंत्री जहां भी जाते हैं, वहां की भाषा और संस्कृति के रंग में सहजता से घुलते दिखाई देते हैं। स्थानीय बोली से संबोधन शुरू करना उनकी विशिष्ट शैली बन चुका है। उत्तराखंड के संदर्भ में भी उनके इस अंदाज ने जनता के साथ भावनात्मक जुड़ाव को और मजबूत किया। उन्होंने अपने पिछले दौरे की याद दिलाते हुए बताया कि 2022 में रुद्रपुर की रैली में उन्होंने कुमाऊंनी वाक्य “कैसो हेरो हो हाल चाल” का प्रयोग कर जनमानस का दिल जीता था।
देहरादून में गढ़वाली संबोधन ने एक बार फिर उनके उत्तराखंड प्रेम और स्थानीय संस्कृति के सम्मान को रेखांकित किया, जिससे उपस्थित जनसमूह ने भी गहरी आत्मीयता महसूस की।
