Uttarakhand Hikes Liquor Prices | Higher Excise Tax Hits Consumers
देहरादून,30 नवंबर 2025 : उत्तराखंड में शराब के शौकीनों को बड़ा झटका लगा है। सरकार ने शराब की कीमतों में बढ़ोतरी का आदेश जारी कर दिया है, जो तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है। प्रमुख सचिव आबकारी एल. फैनई के आदेश के अनुसार अधिभार पर भी वैट लगा दिया गया है, जिससे शराब की कीमतों में स्पष्ट बढ़ोत्तरी दर्ज हुई है।
सूत्रों के मुताबिक आबकारी मुख्यालय ने इस प्रस्ताव का विरोध भी किया था, लेकिन वित्त विभाग ने आपत्तियों को खारिज कर दिया। नए कर प्रावधानों के चलते सामान्य ब्रांड की प्रति बोतल 50 से 60 रुपये और स्कॉच की प्रति बोतल 120 से 130 रुपये तक महंगी हो गई है। पहले ही यूपी, पंजाब और हरियाणा में शराब की कीमतें उत्तराखंड से कम थीं, ऐसे में अब राज्य के राजस्व पर विपरीत असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
इस वित्तीय वर्ष में शराब से 5060 करोड़ रुपये राजस्व हासिल करने का लक्ष्य रखा गया है। आयुक्त आबकारी अनुराधा पाल ने सभी जिलों को आदेशों का कड़ाई से अनुपालन करने के निर्देश दिए हैं। लेकिन विशेषज्ञों का कहना है कि अब यह लक्ष्य हासिल करना मुश्किल हो सकता है।
बॉक्स
बढ़ सकती है शराब की तस्करी
सरकार के इस फैसले से उत्तराखंड में अवैध शराब की तस्करी बढ़ने की आशंका है। हर साल पांच करोड़ से अधिक पर्यटक उत्तराखंड आते हैं। माना जा रहा है कि अब पर्यटक पड़ोसी राज्यों से ही शराब लाकर उपयोग कर सकते हैं, जो अवैध होने के बावजूद बढ़ सकता है। यदि ऐसा हुआ तो सरकारी वैट में कमी आएगी और भविष्य में राजस्व को नुकसान झेलना पड़ सकता है I


