Uttarakhand Reviews Char Dham Yatra 2026 Preparations, Focus on Safety & Technology
देहरादून, 27 February 2026 । मुख्य सचिव आनंद बर्धन की अध्यक्षता में चारधाम यात्रा 2026 की तैयारियों को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें यात्रा को सुरक्षित, सुगम, व्यवस्थित और तकनीक-सक्षम बनाने पर विशेष जोर दिया गया। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को सौंपे गए कार्यों को समयबद्ध और प्रभावी ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में स्वास्थ्य, विद्युत और आपदा प्रबंधन व्यवस्थाओं को प्राथमिकता देते हुए केदारनाथ–बद्रीनाथ मार्ग पर सभी चिकित्सालयों को पूर्ण रूप से क्रियाशील करने के निर्देश दिए गए। ऊर्जा विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया। वहीं, आपदा प्रबंधन एवं पुलिस विभाग को यात्रा मार्ग पर ट्रैफिक, भीड़ या किसी भी आपात स्थिति की सूचना व्हाट्सएप अलर्ट के माध्यम से यात्रियों तक तत्काल पहुंचाने के निर्देश दिए गए।
मुख्य सचिव ने आपात स्थिति में यात्रा रोकने की स्थिति में स्थान और अवधि तय करने की जिम्मेदारी आयुक्त गढ़वाल मंडल को सौंपी। साथ ही यात्रा मार्ग पर आवश्यक मशीनों और उपकरणों की अग्रिम तैनाती तथा परिसंपत्तियों की मैपिंग करने को कहा, ताकि जरूरत पड़ने पर त्वरित कार्रवाई संभव हो सके। पशुपालन विभाग को भी यात्रा मार्ग पर पशुधन प्रबंधन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
तकनीकी सुविधाओं को बढ़ावा देते हुए प्रमुख स्थलों पर QR कोड और स्पष्ट साइनेज लगाने के निर्देश दिए गए, ताकि यात्रियों को आवश्यक जानकारी आसानी से मिल सके। इसके साथ ही यात्रा संचालन के लिए मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) जारी करने को भी कहा गया।
मुख्य सचिव ने चमोली, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी के जिलाधिकारियों को स्थानीय स्तर पर सभी विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर व्यवस्थाएं मजबूत करने और भीड़ प्रबंधन के लिए प्रभावी योजना तैयार करने के निर्देश दिए। बैठक में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं संबंधित हितधारक उपस्थित रहे।




