MDDA Demolishes Illegal Plotting on 77 Bigha Land in Doiwala Dehradun
देहरादून, 27 फरवरी 2026। राजधानी देहरादून में अवैध कॉलोनियों और अनियोजित शहरी विस्तार पर सख्त रुख अपनाते हुए मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने डोईवाला क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है। प्राधिकरण की प्रवर्तन टीम ने मारखम ग्रांट से लेकर खेरी क्षेत्र तक लगभग 77 बीघा भूमि पर विकसित की जा रही अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई को अवैध भूमि कारोबार के खिलाफ अब तक की बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।
एमडीडीए के अनुसार मारखम ग्रांट क्षेत्र में गुरप्रीत और राजा द्वारा करीब 65 बीघा भूमि पर बिना स्वीकृति कॉलोनी विकसित की जा रही थी। निरीक्षण में पाया गया कि प्लॉट काटे जा चुके थे, आंतरिक सड़कें बनाई जा चुकी थीं और जमीन का सीमांकन भी कर दिया गया था। इसके बाद प्रवर्तन टीम ने जेसीबी मशीनों की मदद से अवैध सड़कों, सीमांकन और अन्य निर्माण कार्यों को ध्वस्त कर दिया। साथ ही भविष्य में किसी भी प्रकार के निर्माण पर तत्काल रोक लगा दी गई।
इसी क्रम में खेरी-2, संत सागर गुरुद्वारा मार्ग और मेजर शहीद दुर्गा मार्ग फाटक रोड क्षेत्र में भी करीब 12 बीघा भूमि पर विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी पर कार्रवाई की गई। यहां अशोक पाल और वर्मा द्वारा बिना मानचित्र स्वीकृति प्लॉटिंग की जा रही थी, जिसे प्राधिकरण ने पूरी तरह ध्वस्त कर संबंधित लोगों को चेतावनी जारी की।
एमडीडीए अधिकारियों ने बताया कि अवैध प्लॉटिंग के जरिए आम लोगों को सस्ते प्लॉट का लालच देकर ठगा जाता है, जिससे खरीदारों को बाद में सड़क, पानी, बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं और कानूनी विवादों का सामना करना पड़ता है। इसी को रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने स्पष्ट किया कि अवैध निर्माण के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई गई है और बिना स्वीकृति भूमि विकास करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। वहीं सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि पूरे प्राधिकरण क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है और जहां भी अनियमितताएं मिलेंगी, वहां तुरंत कार्रवाई की जाएगी।




