CM Dhami Attends Kali Kumaon Holi Festival in Lohaghat, Highlights Cultural Heritage
लोहाघाट (चम्पावत), 28 February 2026 । काली कुमाऊँ क्षेत्र की प्रसिद्ध पारंपरिक होली की छटा लोहाघाट के रामलीला मैदान में आयोजित होली रंग महोत्सव में देखने को मिली, जहां मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सहभागिता कर जनसमुदाय के साथ उत्सव की खुशियां साझा कीं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए लोकसंस्कृति के संरक्षण पर जोर दिया।
महोत्सव के दौरान पारंपरिक कुमाऊँनी होली और शास्त्रीय होली गायन की शानदार प्रस्तुतियां दी गईं। मुख्यमंत्री धामी ने भी स्थानीय होल्यारों के साथ बैठकर होली गायन में भाग लिया, जिससे पूरा वातावरण लोक रंग में रंग गया।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तराखण्ड की लोकसंस्कृति, परंपराएं और त्योहार हमारी पहचान के आधार स्तंभ हैं। उन्होंने कहा कि चम्पावत के काली कुमाऊँ की होली अपनी विशिष्ट शैली और पारंपरिक होली गायन के लिए पूरे प्रदेश में अलग पहचान रखती है। ऐसे आयोजन हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संजोने के साथ-साथ नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का कार्य करते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, भाईचारे और सद्भाव का प्रतीक है। आधुनिक दौर में भी चम्पावत क्षेत्र द्वारा अपनी पारंपरिक संस्कृति को जीवंत बनाए रखना अत्यंत सराहनीय है।
मुख्यमंत्री ने आयोजन समिति की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस प्रकार के महोत्सव समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और सामाजिक समरसता को मजबूत बनाते हैं। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों के साथ होली खेली और उत्सव का आनंद लिया।
इस अवसर पर सांसद एवं केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, विधायक खुशाल सिंह अधिकारी, दर्जा मंत्री श्याम नारायण पांडे, जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद अधिकारी, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की उपस्थिति ने काली कुमाऊँ की पारंपरिक होली की जीवंतता और लोकप्रियता को एक बार फिर साबित किया। मुख्यमंत्री ने अंत में सभी प्रदेशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना करते हुए होली की शुभकामनाएं दीं।




