Uttarakhand Emerges as Film Shooting Hub with Film Policy 2024
देहरादून, 21 February 2026। उत्तराखंड तेजी से फिल्म निर्माण के क्षेत्र में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य की प्राकृतिक सुंदरता, सुरक्षित माहौल और सरकार की फिल्म-फ्रेंडली नीतियों के कारण देश-विदेश के फिल्म निर्माता यहां शूटिंग के लिए आकर्षित हो रहे हैं।
उन्होंने बताया कि फिल्म नीति-2024 लागू होने के बाद प्रदेश में न सिर्फ बड़े प्रोजेक्ट्स आए हैं, बल्कि क्षेत्रीय सिनेमा को भी नया विस्तार मिला है। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़े हैं और राज्य की पहचान राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत हुई है। सरकार का मानना है कि फिल्म शूटिंग में वृद्धि से पर्यटन गतिविधियों को भी गति मिली है, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को सीधा लाभ हो रहा है।
संस्कृति और भूगोल बना रहे आकर्षण का केंद्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की विविध भौगोलिक परिस्थितियां, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और शांत वातावरण इसे फिल्म निर्माण के लिए एक आदर्श स्थल बनाते हैं। राज्य सरकार ने सिंगल विंडो सिस्टम लागू कर शूटिंग अनुमति प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाया है, जिससे निर्माताओं को तेजी से स्वीकृति मिल रही है।
25 फिल्मों को 8.28 करोड़ का अनुदान
उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बंशीधर तिवारी के अनुसार, परिषद वर्ष में दो बार—जुलाई और जनवरी—में अनुदान समिति की बैठक आयोजित करती है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में कुल 25 फिल्मों को 8.28 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दी गई। इनमें जुलाई 2025 में 12 और जनवरी 2026 में 13 फिल्मों को अनुदान प्रदान किया गया।


