Dehradun, 08 September2026। अफ्रीका की सबसे ऊंची चोटी माउंट किलिमंजारो पर तिरंगा फहराने वाले नन्हे पर्वतारोहियों रियांश पंत और प्रिशा रावत से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास में मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने दोनों बाल पर्वतारोहियों की उपलब्धि की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
अल्मोड़ा के चीनाखान निवासी नौ वर्षीय रियांश पंत और नैनीताल के बैलपड़ाव निवासी दस वर्षीय प्रिशा रावत ने 22 अगस्त 2026 को 5,895 मीटर ऊंची माउंट किलिमंजारो का सफल आरोहण किया था। इतनी कम उम्र में चुनौतीपूर्ण पर्वत शिखर पर पहुंचकर दोनों ने तिरंगा फहराया और उत्तराखंड का नाम रोशन किया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इतनी कम उम्र में किलिमंजारो जैसी ऊंची चोटी को फतह करना दोनों बच्चों के साहस, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प को दर्शाता है। उनकी यह उपलब्धि प्रदेश के अन्य बच्चों और युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि सफलता हासिल करने के लिए उम्र नहीं, बल्कि मजबूत इच्छाशक्ति, निरंतर प्रयास और लक्ष्य के प्रति समर्पण महत्वपूर्ण होता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड प्रतिभाओं की भूमि है। यहां के युवा पर्वतारोहण, खेल, साहसिक गतिविधियों समेत विभिन्न क्षेत्रों में अपनी क्षमता का प्रदर्शन कर रहे हैं। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश के युवाओं की उपलब्धियां उत्तराखंड का गौरव बढ़ा रही हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश की युवा प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। युवाओं की रुचि और क्षमता के अनुरूप उन्हें अवसर, प्रोत्साहन और आवश्यक मंच उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य है कि प्रतिभाशाली बच्चों और युवाओं के सपनों के सामने संसाधनों की कमी बाधा न बने।
धामी ने कहा कि रियांश और प्रिशा जैसे बच्चों की उपलब्धियां अन्य युवाओं को भी बड़े लक्ष्य तय करने और उन्हें हासिल करने के लिए प्रेरित करती हैं। सरकार ऐसे प्रतिभाशाली बच्चों का उत्साह बढ़ाने और उनकी प्रतिभा को निरंतर निखारने के लिए हरसंभव सहयोग करेगी।




