Nanda nagar,08 September 2026। रामणी गांव में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब रामलीला मैदान स्थित मंच की रेलिंग से एक छात्र और छात्रा के शव फंदे से लटके मिले। दोनों के एक ही गांव के रहने वाले होने की जानकारी सामने आई है। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
ग्रामीणों के मुताबिक, कुछ लोग छानी से लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर रामलीला मैदान के मंच पर पड़ी, जहां युवक और युवती के शव लटके हुए दिखाई दिए। सूचना गांव में फैलते ही लोग मौके पर जुटने लगे। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी जानकारी नंदानगर पुलिस को दी।
ग्राम प्रधान कुंवर लाल ने बताया कि मृतक युवक 12वीं कक्षा का छात्र था, जबकि किशोरी 11वीं में पढ़ रही थी। युवक की उम्र 18 वर्ष और किशोरी की उम्र 17 वर्ष बताई गई है। दोनों के एक ही गांव के निवासी होने की बात कही जा रही है।
सूचना मिलने पर नंदानगर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मौके का निरीक्षण करने के साथ आवश्यक कार्रवाई पूरी की और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है और आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल घटना के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।




