15 अक्टूबर तक का लक्ष्य, मुख्य मार्गों के साथ संपर्क सड़कों की भी होगी मरम्मत
Deherdun, 24 September 2026। मानसून में क्षतिग्रस्त सड़कों को दुरुस्त करने के लिए प्रदेशभर में अभियान तेज हो गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से 15 अक्टूबर तक सड़कों को गड्ढामुक्त करने की समयसीमा तय किए जाने के बाद विभागीय टीमें मौके पर पहुंचकर मरम्मत कार्य में जुट गई हैं। पहाड़ी और मैदानी क्षेत्रों में एक साथ काम कराया जा रहा है।
बारिश, भूस्खलन और जलभराव से कई सड़कों पर गड्ढे होने के साथ सड़क का कुछ हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हुआ है। विभागों ने ऐसे स्थानों को चिह्नित कर प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत शुरू की है। पर्वतीय क्षेत्रों में मुख्य मार्गों के अलावा गांवों को जोड़ने वाले संपर्क मार्गों पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
हर जिले में क्षति का आकलन
विभागीय टीमें सड़कों का स्थलीय निरीक्षण कर क्षति की स्थिति दर्ज कर रही हैं। सामान्य क्षति वाले स्थानों पर पैचवर्क और गड्ढे भरने का काम किया जा रहा है, जबकि ज्यादा खराब हिस्सों की जरूरत के अनुसार मरम्मत या पुनर्निर्माण कराया जा रहा है।
गुणवत्ता पर रहेगी नजर
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट किया है कि मरम्मत केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे। काम निर्धारित मानकों के अनुरूप और टिकाऊ होना चाहिए। अधिकारियों को नियमित निगरानी के साथ प्रगति की समीक्षा करने के निर्देश दिए गए हैं।
15 अक्टूबर के बाद निरीक्षण करेंगे सीएम
निर्धारित समयसीमा के बाद मुख्यमंत्री स्वयं विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर सड़कों और मरम्मत कार्यों का जायजा लेंगे। सरकार का उद्देश्य मानसून के बाद सड़क व्यवस्था को जल्द सामान्य कर लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन उपलब्ध कराना है।




