नई दिल्ली (पीबी): विदेश यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नाम एक और रिकार्ड दर्ज हो गया है। पीएम अभी तक 17 देशों की संसद को संबोधित कर चुके हैं। पीएम मोदी ने यह उपलब्धि इस महीने के पहले सप्ताह में पांच देशों की यात्रा के दौरान घाना, त्रिनिदाद टोबैगो और नामीबिया की संसदों में दिए गए अपने भाषणों के साथ हासिल की। मोदी दुनिया में बेहद लोकप्रिय हैं। उनके नेतृत्व की क्षमता का हर कोई कायल है। अभी पांच देशों की यात्रा के दौरान पीएम को चौथा नागरिक सम्मान दिया गया। इस तरह से प्रधानमंत्री मोदी को अब तक कुल 27 देश सम्मानित कर चुके हैं।
पहली बार भारतीय पीएम ने घाना की संसद को किया संबोधित
इससे पहले पांच देशों की अपनी यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने त्रिनिदार और टोबैगो की संसद को भी संबोधित किया। उन्होंने 3 जुलाई को घाना की संसद को संबोधित कर इतिहास रचा, ये पहली बार था जब किसी भारतीय प्रधानमंत्री ने घाना की संसद को संबोधित किया था।
अमेरिकी कांग्रेस के संयुक्त सत्र को दो बार किया संबोधित
नवंबर 2024 में पीएम मोदी ने गुयाना में भी तब इतिहास रचा, जब वो गुयाना की नेशनल असेंबली को संबोधित करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री बने। पीएम मोदी अमेरिकी कांग्रेस के संयुक्त सत्र को भी दो बार संबोधित कर चुके हैं। पहली बार 8 जून 2016 और फिर 23 जून 2023, यह संबोधन भारत-अमेरिका के बीच गहरी होती रणनीतिक साझेदारी की मिसाल हैं। प्रधानमंत्री मोदी जून 2019 में मालदीव, जुलाई 2018 में युगांडा और दिसंबर 2015 में अफगानिस्तान की संसद को भी संबोधित कर चुके हैं। नवंबर 2015 में पीएम मोदी ने ऐतिहासिक ब्रिटिश संसद में नए भारत की बुलंद आवाज को दुनिया के सामने रखा था प्रधानमंत्री मोदी मंगोलिया, मॉरीशस और श्रीलंका की संसद को भी संबोधित कर चुके हैं।
2014 में ऑस्ट्रेलियाई संसद को संबोधित करने वाले पहले भारतीय पीएम
विदेशी संसदों को संबोधित करने का उनका यह सफर 2014 में प्रधानमंत्री बनने के बाद ही शुरू हो गया था। 18 नवम्बर 2014 को पीएम मोदी ऑस्ट्रेलियाई संसद को संबोधित करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री बने और अगले ही दिन 19 नवम्बर 2014 को फिजी की संसद के विशेष सत्र को भी संबोधित किया। इसी साल अगस्त में उन्होंने नेपाल की संविधान सभा को संबोधित किया। 16 जून, 2014 को पीएम मोदी ने भूटान की संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित किया था। यह विदेश की किसी संसद में उनका पहला संबोधन था।
नामीबिया का सर्वोच्च नागरिक सम्मान
पांच देशों की यात्रा के अंतिम चरण में नामीबिया में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का न सिर्फ गर्मजोशी से स्वागत किया गया बल्कि उन्हें नामीबिया के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ऑर्डर ऑफ द मोस्ट एंसिएंट वेलविचिआ मिराबिलिस’ से सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति नेटुम्बो नंदी-नदैतवाह ने प्रधानमंत्री मोदी को यह सम्मान प्रदान किया। प्रधानमंत्री ने इसे गर्व का क्षण बताया। उन्होंने 140 करोड़ भारतीयों की ओर से यह सम्मान ग्रहण किया।
ब्राजील के सर्वोच्च नागरिक सम्मान से सम्मानित
इससे पहले ब्रासीलिया में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को ब्राजील के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ग्रैंड कॉलर ऑफ द नेशनल ऑर्डर ऑफ द सदर्न क्रॉस प्रदान किया गया। ब्राज़ील के राष्ट्रपति ने लूला डि सिल्वा ने प्रधानमंत्री मोदी को यह सम्मान सौंपा। पीएम मोदी को दिया गया यह सम्मान 57 साल बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की ब्राजील यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच ऐतिहासिक संबंधों को और गहरा करने वाला रहा।
त्रिनिदाद–टोबैगो के सर्वोच्च नागरिक सम्मान
पिछले दिनों ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को त्रिनिदाद-टोबैगो में वहां के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ऑर्डर ऑफ द रिपब्लिक ऑफ त्रिनिदाद-टोबैगो’ और घाना में वहां के राष्ट्रीय अवार्ड ‘द ऑफिसर ऑफ़ द ऑर्डर ऑफ़ द स्टार ऑफ़ घाना’ से सम्मानित किया गया।