अयोध्या (पीबी) : अयोध्या में झूलनोत्सव के तहत 29 जुलाई से रामलला स्वर्ण हिंडोले पर विराजमान होंगे। यह पहला अवसर होगा जब राम दरबार की स्थापना के बाद रामलला और राजा राम दोनों झूले का आनंद लेंगे। सावन झूला मेला प्रारंभ हो चुका है, जिसमें प्रमुख मठ-मंदिरों के विग्रह मणि पर्वत जाएंगे। श्रद्धालु झूलन स्वरूप के दर्शन कर सकेंगे। राम मंदिर परिसर में 29 जुलाई से झूला उत्सव शुरू होगा। भगवान को चांदी और सोने के हिंडोले पर झुलाया जाएगा। नित्य मंडप में कजरी और भजन प्रस्तुत किए जाएंगे, साथ ही सांस्कृतिक संध्याएं भी होंगी। राम मंदिर ट्रस्ट ने श्रद्धालुओं के भोजन, विश्राम और अन्य सुविधाओं की व्यवस्था की है।