Dehradun Independence Day celebrations : Dehradun Gears Up for Grand Independence Day Celebrations; CM to Hoist Flag
Dehradun Independence Day celebrations : देहरादून, 29 जुलाई 2025: राजधानी देहरादून में 78वें स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां ज़ोरों पर हैं। जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई बैठक में कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई।
मुख्य समारोह परेड ग्राउंड में आयोजित होगा, जहाँ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सुबह 10 बजे ध्वजारोहण करेंगे। इससे पहले, सभी सरकारी कार्यालयों में सुबह 9 बजे ध्वजारोहण किया जाएगा। परेड ग्राउंड में पुलिस, अर्धसैनिक बल, होमगार्ड, एनसीसी कैडेट्स और प्रांतीय रक्षक दल की टुकड़ी द्वारा पुलिस बैंड की धुन पर राष्ट्रीय गान के साथ शानदार परेड और सलामी दी जाएगी।
मुख्यमंत्री इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, राज्य आंदोलनकारियों, खिलाड़ियों और उत्कृष्ट सेवा के लिए पुलिस एवं विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों को सम्मानित भी करेंगे। समारोह का सजीव प्रसारण भी किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने 14 अगस्त की शाम 6 बजे से प्रमुख चौराहों पर देशभक्ति गीतों के प्रसारण और सरकारी इमारतों को एलईडी बल्बों से रोशन करने के निर्देश दिए हैं। शिक्षण संस्थानों में सुबह 7 बजे प्रभात फेरी निकालने के बाद विचार गोष्ठी, निबंध, खेलकूद और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा।
इस बार ‘एक पेड़ मां के नाम’ कार्यक्रम के तहत पूरे जनपद में व्यापक पौधारोपण अभियान चलाया जाएगा। नगर निगम को पार्कों, स्मारकों और चौराहों पर विशेष स्वच्छता और रंग-रोगन सुनिश्चित करने को कहा गया है, साथ ही प्लास्टिक से बनी सभी सामग्रियों पर प्रतिबंध रहेगा। पुलिस विभाग को परेड और अन्य व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।