CM Dhami: Uttarakhand Committed to Becoming a Global Ayurveda Hub
Uttarakhand Ayurveda hub : 10वीं विश्व आयुर्वेद कांग्रेस एवं आरोग्य एक्सपो प्रोसेडिंग विमोचन समारोह
Uttarakhand Ayurveda hub : देहरादून, 11 अगस्त 2025 : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को आयुर्वेद का हब बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके लिए प्रत्येक जनपद में एक मॉडल आयुष गांव विकसित किया जा रहा है और नए योग एवं वेलनेस केंद्र भी स्थापित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री धामी ने ओल्ड राजपुर स्थित एक होटल में 10वीं विश्व आयुर्वेद कांग्रेस एवं आरोग्य एक्सपो के प्रोसेडिंग विमोचन समारोह को संबोधित करते हुए यह बात कही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह गर्व का विषय है कि देवभूमि उत्तराखंड 10वीं विश्व आयुर्वेद कांग्रेस का सफलतापूर्वक आयोजन कर सका। उन्होंने कहा कि आज जिस प्रोसीडिंग का विमोचन हो रहा है, वह सिर्फ एक दस्तावेज नहीं, बल्कि आयुर्वेद के क्षेत्र में अनुसंधान, नीति-निर्माण और जन स्वास्थ्य की दिशा तय करने वाला एक महत्वपूर्ण सार तत्व है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से हम विश्व को “सर्वे सन्तु निरामयाः” का संदेश देने में सफल रहे।
मुख्यमंत्री धामी ने आयुर्वेद को मानव सभ्यता के लिए एक मूल्यवान उपहार बताते हुए कहा कि यह सिर्फ बाह्य रोगों का नहीं, बल्कि आंतरिक विकारों का भी उपचार करता है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड प्राचीन काल से ही औषधीय संपदा की भूमि रही है, और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गठित आयुष मंत्रालय इस प्राचीन विज्ञान को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिला रहा है।
आयुर्वेद को बढ़ावा देने के लिए सरकार के प्रयास:
- आयुष्मान आरोग्य केंद्र: वर्तमान में राज्य में 300 से अधिक आयुष आधारित आयुष्मान आरोग्य केंद्रों का संचालन हो रहा है।
- ई-संजीवनी पोर्टल: 70 से अधिक विशेषज्ञ ई-संजीवनी पोर्टल के माध्यम से आयुष परामर्श प्रदान कर रहे हैं।
- आयुष चिकित्सालय: प्रत्येक जनपद में 50 और 10 बेड वाले आयुष चिकित्सालयों की स्थापना की जा रही है।
- मॉडल आयुष गांव: प्रत्येक जनपद में एक-एक मॉडल आयुष गांव विकसित किया जा रहा है।
- उत्तराखंड आयुष नीति: औषधि निर्माण, वेलनेस, शिक्षा, शोध और औषधीय पौधों के उत्पादन को गति देने के लिए “उत्तराखंड आयुष नीति” लागू की गई है।
- भविष्य की योजनाएं: आगामी वर्षों में आयुष टेली-कंसल्टेशन शुरू करने के साथ-साथ 50 नए योग और वेलनेस केंद्र स्थापित किए जाएंगे।
- अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान: राज्य सरकार ने उत्तराखंड में अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान की स्थापना के लिए आयुष मंत्रालय से अनुरोध किया है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विज्ञान भारती के “विज्ञान विद्यार्थी मंथन” की सराहना की। उन्होंने आयुष विभाग की कॉफी टेबल बुक और विज्ञान भारती के पोस्टर का विमोचन भी किया और आयुर्वेद को बढ़ावा देने में योगदान देने वालों को सम्मानित किया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती कुसुम कंडवाल आदि उपस्थित थे।