Dehradun Honors Dr. BKS Sanjay on Appointment as AIIMS Guwahati Chairman
देहरादून, 1 सितंबर 2025। प्रसिद्ध ऑर्थोपीडिक सर्जन और पद्मश्री से सम्मानित प्रो. डॉ. बी.के.एस. संजय के एम्स गुवाहाटी का अध्यक्ष नियुक्त होने पर देहरादून ऑर्थोपेडिक समिति ने एक होटल में उनका भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया। समिति के पदाधिकारियों और वरिष्ठ सदस्यों ने डॉ. संजय को यह जिम्मेदारी सौंपने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि डॉ. संजय की नियुक्ति सरकार की “सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास और सबका विश्वास” की नीति को दर्शाती है।
कार्यक्रम में उपस्थित डॉक्टरों ने विश्वास जताया कि डॉ. संजय के नेतृत्व में एम्स गुवाहाटी चिकित्सा शिक्षा, शोध और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छूएगा। उन्होंने डॉ. संजय के दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना करते हुए कहा कि वे पूर्वोत्तर भारत में स्वास्थ्य सेवाओं को एक नई पहचान दिलाएंगे।
इस सम्मान समारोह के अलावा, मानव अधिकार एवं सामाजिक न्याय संगठन (एनजीओ) ने भी एक अलग कार्यक्रम आयोजित कर डॉ. संजय को उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए सम्मानित किया।