Kedarnath Highway Closed Amid Orange Alert & Landslides | Rudraprayag Travel Advisory
केदारनाथ हाईवे जगह-जगह क्षतिग्रस्त, वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित
रुद्रप्रयाग, 1 सितंबर 2025 : जिले में लगातार हो रही बारिश और भूूूूूूस्खलन के चलते केदारनाथ हाईवे मलबा आने से कई जगह बाधित हो गया है। हालात की गंभीरता को देखते हुए इस हाईवे पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित कर दी गई है। मार्ग पर बांसवाड़ा के पास स्थित भूस्खलन क्षेत्र में सड़क बार-बार बंद और खुल रही है, जिससे वाहनों की आवाजाही में भारी परेशानी हो रही है। इस क्षेत्र में कई वाहन फंसे हुए हैं।
इसके अलावा, काकड़गाड़ और डोलिया देवी जैसे अन्य भूस्खलन क्षेत्र भी काफी खतरनाक बने हुए हैं। लगातार हो रही बारिश को देखते हुए, प्रभारी निरीक्षक मनोज नेगी के नेतृत्व में रुद्रप्रयाग कोतवाली ने जवाड़ी बाईपास चौकी पर यात्रियों के वाहनों को केदारनाथ की ओर जाने से रोक दिया गया है। सुरक्षा कारणों से यात्रियों को या तो रुद्रप्रयाग में ही रुकने के लिए कहा जा रहा है या फिर बदरीनाथ की ओर भेजा जा रहा है। मौसम विभाग की चेतावनी के मददेनजर प्रशासन ने अपील की है कि यात्री गैर-जरूरी यात्रा से बचें और मौसम साफ होने तक सुरक्षित स्थानों पर ही रहें।