Dehradun Disaster Relief: Airlift of Ration Kits to Flood and Landslide Affected Villages
बारिश और भूस्खलन के कारण देहरादून जिले के कई गांवों का संपर्क
देहरादून, 17 सितम्बर 2025 : भारी बारिश और भूस्खलन के कारण जिले के कई गांवों का संपर्क मुख्य मार्गों से कट गया है। विशेष रूप से फुलेत, सरखेत, छमरौली, सिल्ला, क्यारा और आसपास के क्षेत्रों में स्थिति गंभीर बनी हुई है। इन गांवों में लगभग 60 परिवारों पर खाद्य संकट मंडराने लगा था।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन देहरादून ने माननीय मुख्यमंत्री से अनुमति प्राप्त कर प्रभावित गांवों में राहत पहुंचाने के लिए एयरलिफ्ट का सहारा लिया। उप जिलाधिकारी कुमकुम जोशी की अध्यक्षता में यह अभियान चलाया गया, जिसमें प्रशासन की मुस्तैदी साफ देखने को मिली।
प्रशासन ने कुल 150 राहत किट प्रभावित क्षेत्रों में भेजी हैं। प्रत्येक किट में दाल, चावल, आटा, नमक, चीनी समेत अन्य जरूरी राशन सामग्री शामिल है। एक किट का वजन लगभग 15 से 20 किलो है, जो एक परिवार की कुछ दिनों की जरूरत पूरी कर सकता है।यह राहत कार्य प्रभावित परिवारों के लिए बड़ी राहत लेकर आया है। जिला प्रशासन का यह त्वरित निर्णय और कार्यवाही सराहनीय मानी जा रही है।