CM Dhami Announces Relief for Dharali Apple Farmers | Govt to Buy Apples at Fixed Rates
सीएम ने पोंछे सेब उत्पादकों के आंसू, सरकार खरीदेगी सेब
देहरादून, 21 सितंबर 2025 : आपदा से प्रभावित उत्तरकाशी जिले के धराली क्षेत्र के सेब उत्पादकों के लिए एक बड़ी राहत की खबर आई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सेब उत्पादकों के आंसू पोंछते हुए ऐलान किया है कि अब सरकार खुद उनके सेब खरीदेगी, जिससे उन्हें नुकसान की भरपाई में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुसार, धराली और इसके आसपास के क्षेत्रों का
- रॉयल डिलीशियस सेब ₹51 प्रति किलोग्राम
- रेड डिलीशियस और अन्य किस्मों के सेब ₹45 प्रति किलोग्राम
की दर से खरीदे जाएंगे। यह खरीद उद्यान विभाग के माध्यम से की जाएगी। हालांकि, यह कीमतें ग्रेड-सी सेब पर लागू नहीं होंगी।
मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी आदेश में कृषि एवं कृषक कल्याण विभाग को तत्काल कार्रवाई करने और वित्तीय व प्रशासकीय स्वीकृति देने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही मुख्यमंत्री को इसकी प्रगति की रिपोर्ट शीघ्र सौंपने को भी कहा गया है।
आपदा के कारण फसलों को भारी नुकसान झेल चुके धराली क्षेत्र के किसानों के लिए यह निर्णय नई उम्मीद लेकर आया है। सरकार के इस कदम से उन्हें बाजार में उचित मूल्य मिलने के साथ-साथ आर्थिक राहत भी सुनिश्चित होगी।
सेब उत्पादकों ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए इसे एक संवेदनशील और साहसिक निर्णय बताया है।