Dehradun Floods 2025: ₹211 Crore Damage, DM Orders Rapid Relief and Restoration
देहरादून जिले को 211 करोड़ से अधिक की क्षति, डीएम ने दिए त्वरित राहत और पुनर्स्थापना के निर्देश
देहरादून, 23 सितंबर 2025 ; 15 सितंबर की रात हुई अतिवृष्टि से देहरादून जनपद को भारी क्षति पहुंची है। जिलाधिकारी सविन बंसल ने बताया कि अब तक के आकलन के अनुसार जिले को लगभग 211 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है, हालांकि सर्वेक्षण का कार्य अभी जारी है। क्षति का जायजा लेने और राहत कार्यों की समीक्षा के लिए देर शाम ऋषिपर्णा सभागार कलेक्ट्रेट में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई।
डीएम सविन बंसल ने बताया कि आपदा प्रभावित सभी क्षेत्रों का स्वयं भ्रमण कर स्थिति का आकलन किया गया है। मझाड़, कार्लीगाड़, भीतरली किमाड़ी, सिरोना-फुलेत, छमरोली, क्यारा, सिल्ला, चामासारी, पुरकुल और धनोला समेत विभिन्न गांवों में हुई क्षति पर विशेष फोकस किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने सीडीओ, एसडीएम, अधीक्षण अभियंताओं सहित कृषि, पशुपालन और उद्यान विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर आवश्यक निर्देश दिए।
डीएम ने स्पष्ट कहा कि बिजली, सड़क और पेयजल की त्वरित बहाली तथा प्रभावित परिवारों को मुआवजा उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि राहत कार्यों में बजट का इंतजार न करते हुए तत्काल व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं और प्रस्ताव शीघ्र शासन को भेजे जाएं।
प्रभावित क्षेत्रों में अहैतुक, गृह और अनुग्रह मुआवजा वितरित करने के लिए प्रत्येक स्थान पर वरिष्ठ QRT टीमों की तैनाती की गई है। डीएम ने कहा कि प्रत्येक आपदा प्रभावित तक राहत पहुंचाना प्रशासन का दायित्व है। उन्होंने लोनिवि और पीएमजीएसवाई के अधिकारियों को आदेशित किया कि संपर्क विहीन गांवों को युद्धस्तर पर जोड़ा जाए।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपदा प्रभावित क्षेत्रों में विद्युत, सड़क, पेयजल, सिंचाई एवं अन्य आवश्यक सेवाओं की शीघ्र बहाली के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारी जिम्मेदारी से काम करें और संयुक्त सर्वे कर हैंड-टू-हैंड मुआवजा वितरण सुनिश्चित करें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व के.के. मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधीक्षण अभियंता और अधिकारी उपस्थित रहे
आपदा से विभागवार अनुमानित क्षति
विभाग/संस्था | अनुमानित क्षति (₹ करोड़) |
---|---|
लोनिवि (PWD) | 46.00 |
पीएमजीएसवाई | 26.38 |
सिंचाई विभाग | 64.50 |
पेयजल निगम | 18.23 |
जल संस्थान | 13.31 |
विद्युत विभाग | 10.63 |
शिक्षा विभाग | 4.18 |
ग्रामीण विकास विभाग | 4.15 |
कृषि विभाग | 0.54 |
उद्यान विभाग | 0.0878 |
स्वास्थ्य विभाग | 0.35 |
अन्य (विकासखण्ड स्तर) | 9.23 |
कुल अनुमानित क्षति | 211+ |