Wing Commander Dr. Sarita Panwar Honored by Governor at Devbhoomi Ex-Servicemen Rally in Dehradun
देहरादून, 13अक्टूबर 2025 : गढ़ी कैंट स्थित जसवंत सिंह मैदान में आयोजित पूर्व सैनिक “देवभूमि विशाल रैली” में जनपद हरिद्वार की विंग कमांडर (से.नि.) डॉ. सरिता पंवार को राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (से.नि.) गुरमीत सिंह ने विशेष सम्मान से सम्मानित किया। कार्यक्रम का आयोजन उत्तराखंड सब एरिया मुख्यालय, देहरादून की ओर से किया गया।
वर्तमान में डॉ. सरिता पंवार जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी, हरिद्वार के रूप में कार्यरत हैं और उत्तराखंड की पहली महिला सैनिक कल्याण अधिकारी होने का गौरव रखती हैं। सम्मान प्राप्त करने के बाद उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि यह सम्मान उनके शहीद पति की वीरता, समर्पण और देशभक्ति की स्मृति को समर्पित है। उन्होंने कहा कि उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर वे सैनिक परिवारों और समाज की सेवा के माध्यम से उनकी विरासत को आगे बढ़ा रही हैं।
रैली में राज्यपाल गुरमीत सिंह ने शहीदों और पूर्व सैनिकों के त्याग, साहस और अनुशासन को नमन किया और उन्हें देश की प्रगति में सतत योगदान देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सैनिकों का समर्पण राष्ट्र की रीढ़ है और सरकार उनके कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
इस अवसर पर राज्य के सैनिक कल्याण मंत्री, सेना के वरिष्ठ अधिकारी, बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक और वीर नारियां उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में शहीद परिवारों को भी सम्मानित किया गया और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा की गई।