Kotdwar Bird Watching Festival Launched, CM Dhami Inaugurates Projects Worth ₹326 Crore
कोटद्वार, 1 feb 2026 । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को कोटद्वार के सनेह क्षेत्र में आयोजित दो दिवसीय बर्ड वॉचिंग फेस्टिवल का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने जनपद पौड़ी गढ़वाल के लिए 326 करोड़ रुपये से अधिक की 61 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास कर क्षेत्र को बड़ी सौगात दी।
मुख्यमंत्री ने कोटद्वार पहुंचकर दिव्यांग बालक-बालिकाओं से संवाद किया, सिद्धबली मंदिर में पूजा-अर्चना की और इसके बाद फेस्टिवल स्थल पहुंचे। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने उनका स्वागत किया, जबकि राजकीय कन्या इंटर कॉलेज की छात्राओं ने गढ़वाली स्वागत गीत प्रस्तुत किया। हेरिटेज स्कूल के बच्चों की पक्षी एवं प्रकृति संरक्षण पर प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रही।
कार्यक्रम में 21 योजनाओं का शिलान्यास (₹81.72 करोड़) तथा 40 योजनाओं का लोकार्पण (₹244.39 करोड़) किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि बर्ड वॉचिंग फेस्टिवल से इको-टूरिज्म को बढ़ावा मिलेगा और कोटद्वार को नई पहचान मिलेगी। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाए गए स्टॉलों की सराहना करते हुए महिलाओं की भूमिका को उत्तराखण्ड के विकास का आधार बताया।
मुख्यमंत्री ने खोह नदी एसटीपी, बस टर्मिनल, आयुष चिकित्सालय, मालन नदी पुल और कोटद्वार–नजीबाबाद फोर लेन जैसे कार्यों की प्रगति साझा की तथा पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और बाढ़ सुरक्षा से जुड़ी नई घोषणाएं कीं।
विधानसभा अध्यक्षा ऋतु खण्डूरी भूषण ने बर्ड फेस्टिवल को इको-टूरिज्म की दिशा में अहम पहल बताते हुए 31 जनवरी को ‘बर्ड फेस्टिवल दिवस’ के रूप में मनाने का सुझाव दिया।
पहले दिन फेस्टिवल में 2500 से अधिक लोगों ने भाग लिया। यह आयोजन जैव विविधता संरक्षण, पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा है।




