Shri Mahant Indresh Hospital & Military Hospital Organize Cancer Awareness Run in Dehradun
देहरादून, 01 February 2026 । विश्व कैंसर दिवस (4 फरवरी) के उपलक्ष्य में रविवार, 1 फरवरी 2026 को उत्तराखंड सब एरिया के तत्वावधान में श्री महंत इंदिरेश अस्पताल के ऑन्कोलॉजी विभाग और मिलिट्री हॉस्पिटल देहरादून द्वारा संयुक्त रूप से ‘रन फॉर कैंसर अवेयरनेस’ वॉकाथॉन एवं रन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ब्रिगेडियर प्रफुल मोहन, कमांडेंट, मिलिट्री हॉस्पिटल तथा डॉ. पंकज गर्ग, विभागाध्यक्ष, ऑन्कोलॉजी विभाग, श्री महंत इंदिरेश अस्पताल ने हरी झंडी दिखाकर किया।
इस जागरूकता रन में 250 से अधिक प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इनमें सशस्त्र बलों के जवान व उनके परिजन, मिलिट्री हॉस्पिटल के चिकित्सा एवं नर्सिंग अधिकारी तथा श्री गुरु राम राय इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एंड हेल्थ साइंसेज के एमबीबीएस छात्र शामिल रहे। व्यापक सहभागिता ने कैंसर की रोकथाम और समय पर पहचान के प्रति समाज की बढ़ती प्रतिबद्धता को दर्शाया।
यह आयोजन जनस्वास्थ्य ऑन्कोलॉजी पहल के रूप में किया गया, जिसका उद्देश्य कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाना, अर्ली डायग्नोसिस के महत्व को रेखांकित करना तथा समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेने के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम का कुशल समन्वय डॉ. कनिका कपूर एवं डॉ. पल्लवी कौल, कैंसर सर्जन, श्री महंत इंदिरेश अस्पताल तथा कर्नल एडब्ल्यू काशिफ एवं लेफ्टिनेंट कर्नल आलोक गुप्ता, मिलिट्री हॉस्पिटल द्वारा किया गया। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन एनबी/सब बीएस देशवाल ने किया।
डॉ. कनिका कपूर ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कैंसर से जुड़े आम मिथकों को दूर किया और रोकथाम, समय पर पहचान व उपचार से जुड़े प्रमाण-आधारित तथ्यों की जानकारी दी। रन के परिणामों में पुरुष वर्ग में 10 डोगरा रेजीमेंट के लक्ष्य कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। महिला वर्ग में श्रीमती कांती देवी, पत्नी सूबेदार मेजर सबल सिंह (501 इंजीनियर रेजीमेंट) विजेता रहीं, जबकि छात्र वर्ग में एसजीआरआर मेडिकल कॉलेज के एमबीबीएस छात्र भव्यलीन ने प्रथम स्थान हासिल किया।
कार्यक्रम की सफलता में डॉ. रचित आहूजा, डॉ. अजीत तिवारी, डॉ. दिव्या, डॉ. तेजा, डॉ. शाहनवाज़, डॉ. प्रिया, श्री संतोष, सुश्री अल्का, सुश्री शिवानी एवं सुश्री ऋतिका का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
श्री महंत इंदिरेश अस्पताल के चेयरमेन श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज ने इस पहल की सराहना करते हुए कैंसर देखभाल को सुदृढ़ करने और समाज में निरंतर जागरूकता फैलाने हेतु ऑन्कोलॉजी विभाग के प्रयासों की प्रशंसा की।
