SGRR University Cultural Week Begins with Grand Celebrations in Dehradun


देहरादून, 06 February 2026 । Shri Guru Ram Rai University में सांस्कृतिक उल्लास, रचनात्मकता और छात्र ऊर्जा का अद्भुत संगम देखने को मिला। बुधवार को विश्वविद्यालय परिसर में सांस्कृतिक सप्ताह का भव्य शुभारंभ हुआ। 4 फरवरी से 7 फरवरी तक आयोजित होने वाले इस सांस्कृतिक सप्ताह में छात्र-छात्राएं उत्साह के साथ भागीदारी कर अपनी कलात्मक और सांस्कृतिक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के माननीय प्रेसिडेंट श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज ने कार्यक्रम के आयोजकों को शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

बुधवार को विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम में आयोजित उद्घाटन समारोह में कुलपति प्रो. (डॉ.) के. प्रतापन ने दीप प्रज्वलन कर सांस्कृतिक सप्ताह का शुभारंभ किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल अकादमिक ज्ञान तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि सांस्कृतिक गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। ऐसे आयोजनों से छात्रों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, रचनात्मक सोच और सामाजिक मूल्यों का विकास होता है।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. लोकेश गंभीर ने कहा कि एसजीआरआर विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ सह-शैक्षणिक गतिविधियों में निरंतर आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करता है। इससे छात्रों में संगठन क्षमता, अनुशासन और टीमवर्क की भावना मजबूत होती है, जो उनके भविष्य के लिए अत्यंत आवश्यक है।
डीन स्टूडेंट वेलफेयर प्रो. (डॉ.) मालविका सती कांडपाल ने जानकारी देते हुए बताया कि सांस्कृतिक सप्ताह के अंतर्गत नृत्य, संगीत, फैशन शो, रंगोली, बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट और फूड फेस्ट जैसी अनेक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है, जिनमें विभिन्न संकायों के छात्र-छात्राएं बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं।
सांस्कृतिक सप्ताह के पहले दिन आयोजित फैशन शो विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। इसमें देश के विभिन्न राज्यों की समृद्ध संस्कृति, परिधान और परंपराओं की मनमोहक झलक देखने को मिली, जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में छात्रों के साथ-साथ शिक्षकों और कर्मचारियों में भी खासा उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर सांस्कृतिक समिति की चेयरपर्सन डॉ. प्रिया पांडे, चीफ प्रॉक्टर डॉ. गणराजन, विश्वविद्यालय के सभी स्कूलों के डीन, विभागाध्यक्ष, शिक्षकगण तथा हजारों छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में ईशा शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।


