Minor Rape Case in Bhawali: Accused from Moradabad Arrested After Protests


भवाली (नैनीताल), 06 February2026। मंडल मुख्यालय के समीप भवाली क्षेत्र में नाबालिग किशोरी के गर्भवती पाए जाने का मामला सामने आने के बाद गुरुवार को माहौल तनावपूर्ण रहा। घटना के विरोध में विभिन्न हिंदूवादी संगठनों ने कोतवाली पहुंचकर प्रदर्शन किया और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई। पुलिस ने मामले में साहिल नामक युवक को गिरफ्तार कर लिया है, जो मुरादाबाद का निवासी बताया जा रहा है।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि युवक ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने प्रभाव में लिया और लंबे समय तक उसके साथ दुष्कर्म करता रहा, जिसके चलते किशोरी गर्भवती हो गई। दोपहर के समय संगठनों ने भवाली कोतवाली से जुलूस निकाला और व्यापारियों से सांकेतिक रूप से बाजार बंद रखने की अपील की। अपील के बाद कुछ समय के लिए नगर के बाजार बंद रहे।
पुलिस के अनुसार, किशोरी के परिजनों की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया है। जगदीश चंद्र, एसपी क्राइम, ने बताया कि आरोपी पेशे से टैक्सी चालक है, जबकि उसके पिता दर्जी का काम करते हैं। शिकायत में यह भी उल्लेख है कि आरोपी अन्य लड़कियों को भी बहलाने-फुसलाने का प्रयास करता रहा है। पुलिस ने पीड़िता के बयान दर्ज कर लिए हैं और मेडिकल व अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।
एहतियात के तौर पर भवाली क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है।
बॉक्स
आरोपी के मकान पर नोटिस
प्रदर्शन के दौरान संगठनों ने आरोप लगाया कि आरोपी ने अतिक्रमण कर मकान बनाया है और उसे ध्वस्त किया जाना चाहिए। इस पर नगर पालिका प्रशासन ने आरोपी के घर पर नोटिस चस्पा कर तीन दिन के भीतर मकान व जमीन से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।


