26th Prakatotsav of Shrimahant Devendra Das Ji Maharaj Celebrated in Dehradun

देहरादून, 11 February 2026 :दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज, देहरादून में सज्जादानशीन गद्दीनशीन पूजनीय श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज का 26वां प्रकटोत्सव श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के वातावरण में सादगी के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दूरभाष पर श्री महाराज जी को प्रकटोत्सव की शुभकामनाएं दीं। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने श्री दरबार साहिब पहुंचकर आशीर्वाद लिया और जन्मदिवस की बधाई दी।
देश-विदेश तथा उत्तराखंड व पड़ोसी राज्यों से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने श्री झण्डा साहिब पर मत्था टेका और श्री महाराज जी से आशीर्वाद प्राप्त किया। श्री दरबार साहिब में विशेष पूजा-अर्चना के साथ प्रेम, सेवा और समर्पण भाव से प्रसाद वितरण किया गया।
गौरतलब है कि 10 फरवरी 2000 को ब्रह्मलीन पूजनीय श्रीमहंत इन्दिरेश चरण दास जी महाराज ने श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज को शिष्य स्वीकार कर दीक्षा दी थी। 25 जून 2000 को वे श्री दरबार साहिब के सज्जादानशीन बने, जिससे दरबार की आध्यात्मिक परंपरा को नई ऊर्जा मिली।
इस अवसर पर श्री महाराज जी ने कहा कि सेवाधर्म ही सबसे बड़ा धर्म है। उन्होंने गुरु महिमा का स्मरण करते हुए समाज को प्रकाश की ओर ले जाने का संदेश दिया और सुदूर पर्वतीय क्षेत्रों तक गुणवत्तापरक शिक्षा व स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के संकल्प को दोहराया। एसजीआरआर मिशन के अंतर्गत श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल तथा श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय निरंतर सेवा भाव से कार्यरत हैं।
पंजाब, हरियाणा सहित विभिन्न राज्यों से संगतें पहले ही पहुंच चुकी थीं। देर शाम तक बधाइयों का सिलसिला चलता रहा और लंगर व मिष्ठान की सुव्यवस्थित व्यवस्था की गई।
स्वैच्छिक रक्तदान शिविर
श्री दरबार साहिब परिसर में श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल के ब्लड बैंक, श्री महाकाल सेवा समिति एवं एसजीआरआर पीजी कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में रक्तदान शिविर लगाया गया, जिसमें 65 यूनिट रक्तदान हुआ। शिविर को सफल बनाने में समिति के अध्यक्ष रोशन राणा, ब्लड बैंक कोऑर्डिनेटर अमित चन्द्र तथा छात्रसंघ अध्यक्ष बलबीर कुंवर सहित सभी सहयोगियों का सराहनीय योगदान रहा।


