MDDA Seals Illegal Constructions in Jakhan and Sinola Dehradun
देहरादून, 21 February 2026 । मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध निर्माणों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जाखन और सिनोला क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो भवनों को सील कर दिया। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि बिना स्वीकृत मानचित्र या नियमों के विपरीत किए जा रहे निर्माण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे।
पहला मामला जाखन, राजपुर रोड क्षेत्र का है, जहां कपिल कुमार थापा द्वारा बहुमंजिला भवन का निर्माण स्वीकृत मानचित्र के विपरीत किया जा रहा था। निरीक्षण में अतिरिक्त निर्माण और मानकों के उल्लंघन की पुष्टि हुई। पूर्व में नोटिस देने के बावजूद निर्माण कार्य जारी रखने पर प्राधिकरण ने सख्त कार्रवाई करते हुए भवन को सील कर दिया।
दूसरा मामला सिनोला सप्लाई रोड का है, जहां एक भवन के तृतीय तल पर बिना स्वीकृति निर्माण किया जा रहा था। बार-बार चेतावनी के बावजूद निर्माण नहीं रोका गया, जिसके चलते प्राधिकरण ने विधिक प्रक्रिया पूरी कर परिसर को सील कर दिया।
यह कार्रवाई संयुक्त सचिव गौरव चटवाल के निर्देशों पर सहायक अभियंता शैलेन्द्र सिंह रावत के नेतृत्व में प्रवर्तन टीम द्वारा की गई। अधिकारियों ने बताया कि अवैध निर्माण से शहर का नियोजित विकास प्रभावित होता है और बुनियादी सुविधाओं पर दबाव बढ़ता है।
उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि अवैध निर्माण के खिलाफ ‘शून्य सहनशीलता’ की नीति अपनाई गई है। वहीं सचिव मोहन सिंह बर्निया ने चेतावनी दी कि नियमों की अनदेखी करने वालों पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
एमडीडीए ने नागरिकों से अपील की है कि निर्माण कार्य शुरू करने से पहले मानचित्र स्वीकृति अवश्य लें, अन्यथा दंडात्मक कार्रवाई के लिए स्वयं जिम्मेदार होंगे।


