MDDA Seals Illegal Building in Rishikesh, Demolishes Unauthorized Plotting in Selaqui

देहरादून,26 February 2026। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध निर्माण और प्लाटिंग के खिलाफ सख्त अभियान चलाते हुए कई स्थानों पर बड़ी कार्रवाई की है। सुरक्षा मानकों की अनदेखी और बिना स्वीकृति निर्माण करने पर ऋषिकेश में एक बहुमंजिला भवन को सील किया गया, जबकि सेलाकुई क्षेत्र में करीब 10 बीघा अवैध प्लाटिंग पर बुलडोजर चलाया गया।
प्राधिकरण की टीम ने सेलाकुई के शेरपुर क्षेत्र में नया हाईवे के पास बिना स्वीकृत लेआउट विकसित की जा रही प्लाटिंग को ध्वस्त किया। बताया गया कि भू-स्वामी द्वारा बिना अनुमति भूखंडों का विभाजन किया जा रहा था। शिकायतों के बाद कार्रवाई करते हुए निर्माण कार्यों को मौके पर ही गिरा दिया गया।
इसी क्षेत्र में बिना मानचित्र स्वीकृति किए जा रहे व्यावसायिक निर्माण को भी सील किया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भूमि उपयोग परिवर्तन के बिना किसी भी तरह का निर्माण स्वीकार नहीं किया जाएगा।
वहीं, ऋषिकेश के हरिपुर कला क्षेत्र में आदिनाथ अखाड़ा के पास बन रहे बहुमंजिला भवन पर भी प्राधिकरण ने शिकंजा कसते हुए उसे सील कर दिया। जांच में पाया गया कि निर्माण कार्य स्वीकृत मानचित्र के बिना किया जा रहा था और सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई थी।
एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि अवैध निर्माण के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई गई है। उन्होंने लोगों से संपत्ति खरीदने से पहले उसकी वैधता जांचने की अपील की। सचिव मोहन सिंह बर्निया ने बताया कि प्राधिकरण क्षेत्र में नियमित निगरानी जारी है और आगे भी ऐसे अभियान तेज किए जाएंगे।


