Ganga Expressway Extension from Meerut to Haridwar Proposed, Two Routes Under Review
देहरादून, 26 February 2026 । गंगा एक्सप्रेसवे के मेरठ से हरिद्वार तक प्रस्तावित विस्तारीकरण को लेकर प्रक्रिया तेज हो गई है। उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) के अधिकारियों ने मुख्य सचिव आनंद बर्धन के समक्ष इस परियोजना पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। बैठक में एक्सप्रेसवे के विस्तार के लिए दो अलग-अलग एलाइनमेंट विकल्पों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
प्रस्तुतीकरण में पहला एलाइनमेंट मेरठ, मुजफ्फरनगर और हरिद्वार जनपदों से होकर गुजरने वाला प्रस्तावित किया गया, जबकि दूसरा विकल्प हापुड़, मेरठ, मुजफ्फरनगर और हरिद्वार को कवर करता है। दोनों विकल्पों के फायदे, लागत, यातायात सुविधा और क्षेत्रीय विकास पर पड़ने वाले प्रभावों का तुलनात्मक अध्ययन प्रस्तुत किया गया।
मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक प्रारंभिक तैयारियों पर विशेष जोर दिया। उन्होंने यूपीडा को निर्देश दिए कि राज्य सरकार की ओर से की जाने वाली सभी अग्रिम औपचारिकताओं का विस्तृत खाका तैयार किया जाए। इसमें भूमि उपलब्धता सुनिश्चित करना, यूटिलिटी शिफ्टिंग, पर्यावरणीय स्वीकृतियां, पर्यावरण प्रभाव आकलन (EIA) तथा उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के बीच बेहतर समन्वय शामिल है।
उन्होंने कहा कि यह परियोजना न केवल दोनों राज्यों के बीच कनेक्टिविटी को मजबूत करेगी, बल्कि धार्मिक और पर्यटन दृष्टि से भी महत्वपूर्ण साबित होगी। हरिद्वार तक एक्सप्रेसवे विस्तार से यात्रियों को तेज, सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी, जिससे क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
बैठक में सचिव पंकज पांडेय, अपर सचिव विनीत कुमार और यूपीडा के चुनकु राम पटेल, विनय प्रकाश सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।


