CM Dhami Celebrates Holi Milan in Khatima, Highlights Cultural Heritage and Unity
खटीमा, 01 March 2026 । डिवाइन इंटरनेशनल स्कूल, दियूरी (खटीमा) में आयोजित होली मिलन समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सहभागिता करते हुए क्षेत्रवासियों के साथ रंगोत्सव की खुशियां साझा कीं। इस अवसर पर जनसमुदाय ने पुष्पवर्षा कर मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया और पूरे कार्यक्रम में उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने पारंपरिक कुमाऊँनी होली, शास्त्रीय होली और थारू होली गायन में भाग लेकर स्थानीय संस्कृति से जुड़ाव का संदेश दिया। उन्होंने सभी को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व हमारी समृद्ध लोक परंपरा और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की संस्कृति, परंपराएं और त्योहार हमारी पहचान की नींव हैं। होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, सद्भाव और भाईचारे का प्रतीक है। उन्होंने भावुक होकर कहा कि खटीमा उनका घर है और यहां के लोग उनका परिवार हैं। यहां आकर उन्हें आत्मीयता और अपनापन महसूस होता है, जो उन्हें जनसेवा के लिए प्रेरित करता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि होली मिलन जैसे आयोजन न केवल सांस्कृतिक विरासत को सहेजते हैं, बल्कि नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का माध्यम भी बनते हैं। उन्होंने खटीमा को “मिनी इंडिया” बताते हुए कहा कि यहां सभी धर्मों और समुदायों के लोग मिलजुल कर प्रेम और सौहार्द के साथ रहते हैं, जो प्रदेश के लिए एक मिसाल है।
उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे प्रेम, भाईचारे और आपसी सम्मान के साथ होली का पर्व मनाएं और क्षेत्र, प्रदेश तथा देश के विकास में अपनी भागीदारी निभाएं। साथ ही प्रधानमंत्री के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में सहयोग करने का भी आग्रह किया।
आयोजन समिति की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और सामाजिक समरसता को मजबूत बनाते हैं।
इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति समेत कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।




