Jhande Ji Mela preparations intensify in Dehradun, Mahant Devendra Das serves langar with devotees
देहरादून। आस्था और श्रद्धा के प्रतीक ऐतिहासिक श्री झण्डा जी मेले की तैयारियों के साथ श्री दरबार साहिब परिसर में आध्यात्मिक उल्लास का माहौल दिन-प्रतिदिन गहराता जा रहा है। गुरुवार को दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज के सज्जादे गद्दीनशीन श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज ने संगतों के साथ लंगर सेवा दी। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे और पूरे परिसर में भक्ति भाव का वातावरण बना रहा।
होली पर्व के बाद श्री दरबार साहिब में संगतों के पहुंचने का क्रम तेज हो गया है। देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के आगमन से परिसर में चहल-पहल बढ़ गई है और “श्री गुरु राम राय जी महाराज की जय” के जयकारों से वातावरण गुंजायमान हो रहा है। मेले की तैयारियों के बीच श्री दरबार साहिब परिसर को विशेष रूप से सजाया जा रहा है, जबकि मेला बाजार में दुकानदार भी अपनी दुकानों को सजाने में जुटे हुए हैं। मेले में लगने वाले झूलों और अन्य आकर्षणों को भी अंतिम रूप दिया जा चुका है।
गुरुवार को नियमित पूजा-अर्चना के बाद श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज ने संगतों को दर्शन दिए और सभी राज्यवासियों तथा देशवासियों को श्री झण्डा जी मेले की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने मेला आयोजन समिति और प्रशासनिक अधिकारियों को मेले की व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित रखने के निर्देश भी दिए।
मेला आयोजन समिति के अनुसार इस वर्ष भी लाखों श्रद्धालु पवित्र श्री झण्डे जी के दर्शन के लिए श्री दरबार साहिब पहुंचेंगे। यह ऐतिहासिक और धार्मिक पर्व 26 मार्च 2026 को रामनवमी के अवसर पर सम्पन्न होगा।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए श्री दरबार साहिब के लंगर हॉल में तीन बड़े लंगर लगातार संचालित किए जा रहे हैं, जहां दूर-दराज से आने वाली संगतों को प्रसाद ग्रहण कराया जा रहा है। वहीं सुरक्षा के लिए मेला परिसर में 42 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। चिकित्सा सुविधा के लिए मेला अस्पताल में डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ की टीम तैनात रहेगी तथा दो एम्बुलेंस भी उपलब्ध रहेंगी। अग्नि सुरक्षा के लिए 25 फायर एक्सटिंग्विशर लगाए गए हैं, जबकि व्यवस्था संभालने के लिए 35 सुरक्षा गार्ड और लगभग 500 स्वयंसेवक तैनात रहेंगे।
इसी क्रम में शुक्रवार 6 मार्च को एक महत्वपूर्ण धार्मिक परंपरा निभाई जाएगी। सुबह 7:30 बजे एसजीआरआर पब्लिक स्कूल बॉम्बे बाग से संगतें नए ध्वज दंड को अपने कंधों पर उठाकर श्री दरबार साहिब लेकर आएंगी। यह यात्रा टीएचडीसी चौक, श्री महंत इंदिरेश अस्पताल, पटेल नगर और लाल पुल चौक होते हुए मातावाला बाग मार्ग से श्री दरबार साहिब पहुंचेगी। इस दौरान पूरे मार्ग पर भक्ति और श्रद्धा का अद्भुत दृश्य देखने को मिलेगा।




