94 Feet Jhanda Ji Flagpole Reaches Shri Darbar Sahib Dehradun Ahead of Jhanda Mela

देहरादून, 06 March2026 । दून नगरी शुक्रवार को श्रद्धा, आस्था और गुरु भक्ति के रंग में रंगी नजर आई, जब हजारों श्रद्धालु संगतों ने 94 फीट ऊंचे नए पवित्र ध्वजदण्ड (श्री झण्डे जी) को कंधों पर उठाकर श्री दरबार साहिब तक पहुंचाया। “श्री गुरु राम राय जी महाराज की जय” और “श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज की जय” के गगनभेदी जयकारों के बीच पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
शुक्रवार तड़के ब्रह्ममुहूर्त से ही श्रद्धालुओं का श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल, बॉम्बे बाग में जुटना शुरू हो गया था। देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे श्रद्धालु इस पावन क्षण के साक्षी बनने के लिए बड़ी संख्या में यहां एकत्रित हुए। दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज के सज्जादे गद्दी नशीन श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने संगतों को दर्शन देकर आशीर्वाद प्रदान किया।
श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज की अगुवाई में संगतों ने गुरु चरणों में अरदास अर्पित की। इसके बाद सुबह करीब आठ बजे श्रद्धालुओं ने अत्यंत श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ 94 फीट ऊंचे नए पवित्र ध्वजदण्ड को अपने कंधों पर उठाया और शोभायात्रा के रूप में श्री दरबार साहिब के लिए प्रस्थान किया। जैसे ही संगतों ने ध्वजदण्ड को उठाया, पूरा क्षेत्र गुरु महिमा के जयकारों से गूंज उठा।
यह पावन शोभायात्रा टीएचडीसी चौक, श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल के सामने से होते हुए लाल पुल चौक पहुंची। वहां से यात्रा मातावाला बाग और सहारनपुर चौक से गुजरते हुए सुबह करीब 9:30 बजे श्री दरबार साहिब पहुंची। जिन-जिन मार्गों से संगतें ध्वजदण्ड को लेकर गुजरीं, वहां दूनवासी हाथों में पुष्प लिए श्रद्धाभाव से स्वागत करते नजर आए। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर संगतों का अभिनंदन किया।
मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं द्वारा शबील, शीतल जल, फल और प्रसाद के लंगर की भी व्यवस्था की गई थी। लगभग दो महीनों की मेहनत के बाद कुशल कारीगरों द्वारा इस पवित्र ध्वजदण्ड को तैयार किया गया है।
इस अवसर पर श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने कहा कि श्री झण्डा महोत्सव प्रेम, भाईचारे, सद्भाव और मानवता का प्रतीक पावन मेला है, जो सभी धर्मों और समुदायों के लोगों को एक सूत्र में जोड़ता है।
उल्लेखनीय है कि 8 मार्च को श्री दरबार साहिब में 94 फीट ऊंचे श्री झण्डे जी का विधिवत आरोहण किया जाएगा। इसी के साथ ऐतिहासिक श्री झण्डा महोत्सव का शुभारंभ होगा। इस अवसर पर लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है, जिसके लिए श्री दरबार साहिब प्रबंधन ने ठहरने, लंगर, स्वास्थ्य और सुरक्षा की व्यापक व्यवस्थाएं की हैं।




