Glaucoma Awareness Walkathon Held at Indresh Hospital Dehradun | World Glaucoma Week
देहरादून, 08 March 2026 । विश्व ग्लूकोमा सप्ताह (8 से 14 मार्च) के अवसर पर श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय और श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल के नेत्र रोग विभाग की ओर से रविवार को जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान ग्लूकोमा से बचाव और समय-समय पर नेत्र जांच कराने के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए वॉकाथॉन का आयोजन किया गया।
वॉकाथॉन में अस्पताल के डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ, मेडिकल छात्र-छात्राओं और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने हाथों में तख्तियां लेकर ‘समय-समय पर नेत्र जांच करवाएं’, ‘काला मोतिया से आंखों को बचाएं’ और ‘धुंधला दिखे या दर्द हो तो तुरंत नेत्र चिकित्सक से जांच कराएं’ जैसे संदेशों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया।
रैली श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल स्थित श्री गुरु राम राय इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एंड हेल्थ साइंसेज से शुरू होकर लाल पुल तक पहुंची और वहां से वापस अस्पताल परिसर में आकर समाप्त हुई।
इस अवसर पर नेत्र रोग विभाग की विभागाध्यक्ष एवं ग्लूकोमा विशेषज्ञ डॉ. प्रियंका गुप्ता ने बताया कि ग्लूकोमा को “दृष्टि का मौन चोर” कहा जाता है, क्योंकि यह शुरुआती चरण में बिना स्पष्ट लक्षणों के धीरे-धीरे बढ़ता है। उन्होंने कहा कि आंखों के दबाव की जांच, ऑप्टिक नर्व परीक्षण और विजुअल फील्ड टेस्ट जैसे सरल परीक्षणों से इस बीमारी का समय रहते पता लगाया जा सकता है और स्थायी दृष्टि हानि से बचाव संभव है।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार 9 से 14 मार्च तक निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें लेजर उपचार और चयनित सर्जरी भी निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। 40 वर्ष से अधिक आयु के लोगों, मधुमेह व उच्च रक्तचाप के मरीजों तथा परिवार में ग्लूकोमा का इतिहास रखने वाले व्यक्तियों से नियमित नेत्र जांच कराने की अपील की गई है।
इस अवसर पर डॉ. वीरेंद्र वर्मा, डॉ. अबिन पाल, डॉ. पुनीत ओहरी, डॉ. राजीव आजाद, डॉ. तनुज भाटिया, डॉ. ललित वार्ष्णेय और डॉ. संजय साधू सहित अन्य चिकित्सक और स्टाफ मौजूद रहे।




