Char Dham Yatra 2026: STF Cracks Down on Fake Helicopter Booking Scams
देहरादून, 27 March 2026। आगामी चारधाम यात्रा के दौरान हेलीकॉप्टर सेवा के नाम पर होने वाली साइबर ठगी पर रोक लगाने के लिए उत्तराखंड पुलिस का विशेष कार्य बल (एसटीएफ) सक्रिय हो गया है। श्रद्धालुओं को सुरक्षित और भरोसेमंद सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एसटीएफ ने नेशनल साइबर क्राइम कॉर्डिनेशन सेंटर (I4C) के साथ मिलकर रणनीति तैयार की है।
गुरुवार को इस संबंध में एसटीएफ और I4C के बीच एक अहम वर्चुअल बैठक आयोजित की गई। एसटीएफ के एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि बैठक में यह सामने आया कि चारधाम यात्रा, खासकर केदारनाथ धाम के लिए हेलीकॉप्टर बुकिंग के नाम पर फर्जी वेबसाइट, सोशल मीडिया पेज और अकाउंट बनाकर लोगों से ठगी की जा रही है। कई मामलों में पवन हंस लिमिटेड के नाम का दुरुपयोग कर यात्रियों को निशाना बनाया जा रहा है।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि इस प्रकार के साइबर अपराधों का नेटवर्क मुख्य रूप से बिहार से संचालित हो रहा है। आरोपी फर्जी मोबाइल नंबर, बैंक खातों और आकर्षक ऑफर्स के जरिए लोगों को भ्रमित कर रहे हैं। इस पर अंकुश लगाने के लिए एसटीएफ ने सख्त कदम उठाने का फैसला लिया है।
बैठक में तय किया गया कि ऐसे सभी संदिग्ध डिजिटल प्लेटफॉर्म, फर्जी अकाउंट और वेबसाइट्स की पहचान कर उन्हें तत्काल ब्लॉक या हटवाया जाएगा। इसके लिए संबंधित सोशल मीडिया कंपनियों, विशेष रूप से मेटा, के साथ समन्वय बढ़ाया जाएगा। साथ ही संदिग्ध बैंक खातों और मोबाइल नंबरों की निगरानी कर कानूनी कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी।
एसटीएफ ने यह भी स्पष्ट किया कि आम जनता को जागरूक करना इस अभियान का अहम हिस्सा होगा। इसके तहत व्यापक साइबर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, ताकि श्रद्धालु ठगी से बच सकें और सही माध्यमों का उपयोग करें।
बाक्स: केवल आधिकारिक माध्यम से करें बुकिंग
एसटीएफ ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि चारधाम या केदारनाथ यात्रा के लिए हेलीकॉप्टर बुकिंग सिर्फ आधिकारिक वेबसाइट या प्रमाणित प्लेटफॉर्म के जरिए ही करें। इसके अलावा यात्रा पंजीकरण के लिए जारी अधिकृत व्हाट्सएप नंबर 8394833833 का ही उपयोग करें और किसी भी संदिग्ध लिंक या कॉल से सतर्क रहें।




