Dehradun, 24 August 2026 । पिथौरागढ़ के बीबीए छात्र कार्तिक पांडेय ने स्थानीय पर्यटन की एक बड़ी समस्या को अवसर में बदलते हुए ‘नमस्ते सारथी’ ऑनलाइन प्लेटफॉर्म तैयार किया है। कार्तिक की इस पहल से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी प्रभावित हुए हैं। मुख्यमंत्री ने उनके नवाचार की सराहना करते हुए इसे युवाओं की उद्यमशील सोच और स्थानीय जरूरतों के समाधान का बेहतर उदाहरण बताया।
मध्यमवर्गीय परिवार से आने वाले कार्तिक के पिता टैक्सी चलाते हैं। बचपन से उनके साथ यात्राओं पर जाने के दौरान कार्तिक ने देखा कि पिथौरागढ़ और चम्पावत आने वाले पर्यटकों को भरोसेमंद टैक्सी, होटल और स्थानीय गाइड तलाशने में दिक्कत होती है। बिचौलियों और पर्याप्त जानकारी के अभाव में उन्हें अधिक खर्च भी करना पड़ता है। इसी समस्या के समाधान की सोच ने ‘नमस्ते सारथी’ को जन्म दिया।
कार्तिक ने शुरुआती चुनौतियों के बाद विशेषज्ञों से डिजिटल मार्केटिंग, ब्रांडिंग और ग्राहक पहुंच बढ़ाने का प्रशिक्षण लिया। एलएसएम राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय की देवभूमि उद्यमिता योजना की नोडल अधिकारी डॉ. रुचिता पंघरिया ने भी उन्हें निरंतर मार्गदर्शन दिया। आज प्लेटफॉर्म से 15 बसें जुड़ चुकी हैं और कुमाऊं में सेवाओं का विस्तार जारी है।
वर्ष 2026 में कार्तिक ने फिर रेजिडेंशियल बूटकैंप में हिस्सा लिया। उनका कहना है कि सीखने की प्रक्रिया जारी रहेगी और ‘नमस्ते सारथी’ लगातार आगे बढ़ेगा।
बाक्स
एक साथ बुक होते हैं होटल, परिवहन और गाइड
वर्ष 2025 में कार्तिक ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल पर भारतीय उद्यमिता विकास संस्थान (ईडीआईआई), अहमदाबाद के सहयोग से संचालित देवभूमि उद्यमिता योजना के बूटकैंप में प्रशिक्षण लिया। यहां उन्होंने बिजनेस मॉडल, डिजिटल प्लेटफॉर्म, मार्केटिंग और ग्राहक तक पहुंचने की रणनीति सीखी। इसके बाद ‘नमस्ते सारथी’ शुरू किया। प्लेटफॉर्म पर पर्यटक होटल, परिवहन और स्थानीय गाइड एक ही जगह बुक कर सकते हैं। पारदर्शी दर और स्थानीय सेवा प्रदाताओं से सीधा जुड़ाव इसकी खासियत है।
कोट
“देवभूमि उद्यमिता योजना का उद्देश्य केवल नए उद्यम स्थापित करना नहीं, बल्कि युवाओं के नवाचार और स्थानीय समस्याओं के समाधान को सफल व्यवसाय में बदलने के लिए सही मार्गदर्शन और अवसर उपलब्ध कराना है। ‘नमस्ते सारथी’ इस दिशा में उत्कृष्ट उदाहरण है। राज्य सरकार युवाओं के हर नवाचारी प्रयास को निरंतर प्रोत्साहन और सहयोग देती रहेगी।”
पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री




