Dehradun, 01 September 2026। उत्तराखंड में मानसून की बारिश मंगलवार को कई परिवारों के लिए जिंदगी भर का दर्द छोड़ गई। पहाड़ों में बारिश के साथ आए मलबे ने घरों को अपनी चपेट में लिया तो मैदानी इलाकों में उफनते बरसाती नालों और नदियों का तेज बहाव जानलेवा साबित हुआ। अल्मोड़ा, देहरादून और पौड़ी में हुए अलग-अलग हादसों में 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवती घायल हुई है। मृतकों में एक ही परिवार के तीन सदस्य और दो मासूम बच्चे भी शामिल हैं। लगातार बारिश के कारण कई स्थानों पर राहत और बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण बना रहा।
बीते 24 घंटे में प्रदेश में सामान्य से करीब तीन गुना अधिक बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने पांच सितंबर तक बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। ऐसे में प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।
सोमेश्वर में मलबे में दबा परिवार
अल्मोड़ा के हवालबाग विकासखंड की वडयूडा ग्राम पंचायत में मंगलवार सुबह बारिश के बाद पहाड़ी से अचानक भारी मलबा आवासीय मकान में जा घुसा। घर में मौजूद प्रेमा देवी (41), उनके बेटे मनीष (17) और बेटी कल्पना (19) मलबे में दब गए। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और जिला आपदा प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद तीनों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
मकान की दीवार ढही, दो श्रमिकों की मौत
अल्मोड़ा के धार की तुनी क्षेत्र में भी बारिश के बीच बड़ा हादसा हुआ। मकान के पीछे की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई और मलबे में दबने से नेपाल निवासी दिलीप (35) और चक्र उर्फ नेत्र बहादुर (35) की मौत हो गई। दोनों श्रमिक बताए गए हैं।
दून में बरसाती नाले ने छीनी दो जिंदगियां
देहरादून के कंडोली-पौंधा रोड पर कंडोली पुल के पास तेज बहाव में क्रेटा कार बह गई। वाहन में एक युवक और दो युवतियां सवार थीं। एसडीआरएफ ने अभियान चलाकर करीब दो किलोमीटर दूर घायल सहज पुत्री गुलशन बवेजा को बरामद किया। वहीं अक्षय पुत्र मुकेश (20) और जयपुर निवासी कनक सचदेवा के शव भी बरामद किए गए। कनक राजस्थान में मेडिकल की छात्रा थी।
बालावाला की गुलर घाटी रोड पर भी एक दर्दनाक हादसा हुआ। गहरी नहर में गिरे 10 वर्षीय केपी और लापता बताए गए सम्राट गोपी जीवी के शव रेस्क्यू टीम ने बरामद किए।
कोटद्वार में मां-बेटी नदी में बहीं
कोटद्वार की कोल्हू नदी में बाइक के अनियंत्रित होने के बाद सद्दाम की पत्नी जेलम (23) और एक वर्षीय बेटी शहजादी उर्फ आलिया तेज बहाव में बह गईं। करीब एक किलोमीटर दूर दोनों के शव मिले। वहीं पौड़ी के पैठाणी क्षेत्र में पश्चिमी नयार नदी के तेज बहाव में आशा देवी (33) बह गईं। उनकी तलाश में एसडीआरएफ अभियान चला रही है।




