सुबह साढे पांच बजे दर्शन कर गुप्तकाशी लौट रहे थे श्रद्धालु
एसडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर
रुद्रप्रयाग : उत्तराखंंड में हेलीकाप्टर हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। पिछले दिनों गंगोत्री के पास हुए हेलीकाप्टर हादसे के बाद केदार घाटी में एक हेलीकाप्टर को सडक पर उतारना पडा। अब केदारनाथ से गुप्तकाशी लौट रहा एक हेलीकाप्टर फिर हादसे का शिकार हो गया। इसमें पायलेट और एक दो वर्ष के शिशु समेत सात लोग सवार थे। हादसे का कारण खराब मौसम बताया जा रहा है। पुलिस एसडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर है। बताया जा रहा है कि हादसे में किसी के भी बचने की संभावना बेहद क्षीण है।
स्थानीय प्रशासन के अनुसार घटना सुबह साढे पांच बजे की है। जिला पर्यटन विकास अधिकारी एवं नोडल हेली सेवा राहुल चौबे ने बताया कि आज सुबह एक हेली मिसिंग की जानकारी मिली थी। जानकारी मिलते ही इसकी जांच एवं खोजबीन की गई। प्राथमिक जानकारी के अनुसार आर्यन एविएशन का एक हेलीकॉप्टर श्री केदारनाथ धाम से यात्रियों को वापस अपने गुप्तकाशी बेस पर ला रहा था, घाटी में अचानक मौसम खराब हो गया। पायलट ने हेली को घाटी से बाहर निकालने का प्रयास किया लेकिन इसी दौरान हेली क्रैश हो गया। हेली में पायलट के अलावा पांच यात्री एवं एक शिशु भी सवार था।
एसडीआरएफ के अनुसार घटना की सूचना प्राप्त होते ही SDRF व NDRF की टीमें तत्काल मौके के लिए रवाना की गईं। SDRF व NDRF की टीम घटनास्थल पर पहुंच चुकी है और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिए गए हैं। घटनास्थल कठिन और दुर्गम जंगल क्षेत्र में होने के कारण बचाव अभियान चुनौतीपूर्ण बना हुआ है।
अभी तक प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त हेलीकाप्टर में सवार लोग
1. श्रद्धा राजकुमार जायसवाल 35 महाराष्ट्र
2. काशी 02 महाराष्ट्र
3. राजकुमार जायसवाल 41 गुजरात
4. विक्रम BKTC KEDARNATH उत्तराखंड
5. विनोद देवी 66 उत्तर प्रदेश
6. तुस्थी सिंह 19 उत्तर प्रदेश
7.कै राजवीर सिंह चौहान (पायलेट)