India Has World-Class Healthcare Facilities: JP Nadda at SRM University Convocation
स्वामी राम हिमालयन विश्वविद्यालय के आठवें दीक्षांत समारोह में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री का संबोधन
देहरादून, 14 February 2026 । केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि आज भारत में विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिसके चलते देश तेजी से एक वेलनेस हब के रूप में उभर रहा है। उन्होंने कहा कि भारत अब दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है। यह प्रगति मजबूत नीतियों, संस्थागत सुधारों और स्वास्थ्य क्षेत्र में सतत निवेश का परिणाम है।
शनिवार को जौलीग्रांट स्थित स्वामी राम हिमालयन विश्वविद्यालय के आठवें दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए नड्डा ने स्वास्थ्य अवसंरचना में हुए विस्तार पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि वर्ष 2000 तक देश में केवल एक एम्स था, जबकि आज 24 एम्स संचालित हो रहे हैं। यह देश के स्वास्थ्य तंत्र की मजबूती का स्पष्ट प्रमाण है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों के जीवन का एक ऐतिहासिक क्षण होता है, जो एक यात्रा के समापन और नई जिम्मेदारियों के साथ नई शुरुआत का संकेत देता है। उन्होंने उपाधि प्राप्त करने वाले छात्रों से अपने पेशे में मानवीय मूल्यों, सामाजिक जिम्मेदारी और संवेदनशीलता को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत, संस्थान के अध्यक्ष डॉ. विजय
धस्माना सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
आर्थिक महाशक्ति बनने की ओर अग्रसर
नड्डा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए बड़े और निर्णायक कदम उठाए गए हैं। बीते 11 वर्षों में भारत का दुनिया की शीर्ष अर्थव्यवस्थाओं में शामिल होना इसी का परिणाम है।
बाक्स : बच्चों की मृत्यु दर में 42 प्रतिशत कमी
विश्व स्वास्थ्य संगठन की रिपोर्ट का हवाला देते हुए उन्होंने बताया कि पांच वर्ष से कम उम्र के बच्चों की मृत्यु दर में 42 प्रतिशत की कमी आई है। संस्थागत प्रसव 89 प्रतिशत तक पहुंच चुके हैं, वहीं टीबी के मामलों में 21 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है, जो स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार को दर्शाता है।
प्रोफेशन में मानवीय मूल्यों को तरजीह दें: धस्माना
स्वामी राम हिमालयन विश्वविद्यालय के अध्यक्ष डॉ विजय धस्माना ने उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि छात्रों की मेहनत, अनुशासन और लगन का परिणाम है। लेकिन इसके साथ समाज के प्रति जिम्मेदारी भी जुड़ी हुई है।
दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए डॉ धस्माना ने विद्यार्थियों को अपने प्रोफेशन में मानवीय मूल्यों को प्राथमिकता देने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि आज का समय तकनीकी दक्षता और प्रतिस्पर्धा का है, परंतु करुणा, ईमानदारी, संवेदनशीलता और नैतिकता के बिना कोई भी प्रोफेशन पूर्ण नहीं हो सकता। एक सच्चा प्रोफेशनल वही है, जो अपने ज्ञान और कौशल का उपयोग समाज के कल्याण के लिए करे।
उन्होंने कहा कि चिकित्सक, शिक्षक, इंजीनियर या प्रबंधक, हर क्षेत्र में मानवता का भाव आवश्यक है। विश्वविद्यालय का उद्देश्य केवल डिग्री प्रदान करना नहीं, बल्कि ऐसे जिम्मेदार नागरिक तैयार करना है जो राष्ट्र और समाज के विकास में योगदान दें। दीक्षांत समारोह में विभिन्न संकायों के छात्रों को उपाधियां प्रदान की गईं। इस अवसर पर शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों में उत्साह और गौरव का माहौल दिखाई दिया।


