Kedarnath Dham Kapat to Open on 22 April, Char Dham Yatra Dates Announced
रुद्रप्रयाग, 16 February 2026 । महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर उत्तराखंड के श्रद्धालुओं के लिए शुभ समाचार सामने आया है। ग्यारहवें ज्योर्तिलिंग केदारनाथ धाम के कपाट इस वर्ष 22 अप्रैल को वृष लग्न में प्रातः आठ बजे विधिवत रूप से खोल दिए जाएंगे। इसके साथ ही चारधाम यात्रा 2026 की आधिकारिक शुरुआत हो जाएगी। तय कार्यक्रम के अनुसार बदरीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल, जबकि गंगोत्री धाम और यमुनोत्री धाम के कपाट 19 अप्रैल को श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे।
रविवार को बाबा केदार के शीतकालीन गद्दीस्थल श्री ओंकारेश्वर मंदिर में पंचांग गणना के बाद कपाट खुलने की तिथि की घोषणा की गई। पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार आयोजित इस कार्यक्रम में रावल भीमाशंकर लिंग, केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल, बदरी-केदार मंदिर समिति के अध्यक्ष बदरी केदार मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, उपाध्यक्ष विजय कप्रवाण, मुख्य कार्याधिकारी विजय प्रसाद थपलियाल, धर्माचार्य और हक-हकूकधारी मौजूद रहे। इस अवसर पर ओंकारेश्वर मंदिर को साढ़े नौ क्विंटल फूलों से भव्य रूप से सजाया गया।
बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए देश-विदेश के श्रद्धालुओं से चारधाम यात्रा में सहभागी बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि केदारनाथ यात्रा केवल धार्मिक आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि परंपरा और स्थानीय लोगों की आजीविका से भी गहराई से जुड़ी हुई है, जिसमें हक-हकूकधारियों की अहम भूमिका रहती है।
19 अप्रैल से शुरू होगी डोली यात्रा
केदारनाथ धाम की पंचमुखी डोली यात्रा का कार्यक्रम भी घोषित कर दिया गया है। 19 अप्रैल को डोली उखीमठ से फाटा के लिए प्रस्थान करेगी, 20 अप्रैल को गौरीकुंड और 21 अप्रैल को केदारनाथ धाम पहुंचेगी। 22 अप्रैल की सुबह विधि-विधान के साथ कपाट खोले जाएंगे। इस वर्ष केदारनाथ धाम में एमटी गंगाधर मुख्य पुजारी की जिम्मेदारी संभालेंगे।


