CORBETT, 14 NOVEMBER 2026 । घने जंगलों के बीच बाघ की एक झलक, हाथियों के झुंड की अठखेलियां और वन्यजीवों की अनोखी दुनिया… रोमांच का यह अनुभव एक बार फिर सैलानियों को कॉर्बेट की ओर खींचने वाला है। देश के प्रसिद्ध जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क का ढिकाला जोन 15 नवंबर से पर्यटकों के लिए खोल दिया जाएगा। इसके साथ ही पार्क में नए पर्यटन सत्र का आगाज होगा। वन्यजीव प्रेमियों को इस बार भी बाघों की अच्छी मौजूदगी के बीच जंगल सफारी का रोमांच मिलने की उम्मीद है।
कॉर्बेट का ढिकाला जोन अपनी प्राकृतिक खूबसूरती, घास के विशाल मैदानों और वन्यजीवों की विविधता के लिए खास पहचान रखता है। यहां बाघ, हाथी और तेंदुए समेत कई वन्यजीवों को करीब से देखने का अवसर मिलता है। फील्ड डायरेक्टर साकेत बडोला के मुताबिक, ढिकाला और कॉर्बेट के अन्य क्षेत्रों में बाघों की अच्छी उपस्थिति दर्ज की जा रही है। ऐसे में नया पर्यटन सत्र पर्यटकों के लिए खास आकर्षण का केंद्र रहेगा।
नाइट स्टे के लिए 41 कमरे, 20 डॉर्मेट्री बेड
ढिकाला जोन में पर्यटकों के ठहरने के लिए 41 कमरे उपलब्ध हैं। इनमें ढिकाला कैंप के 28, सुल्तान के दो, गैरल के छह, खिनानौली के तीन और सर्पदुली के दो कमरे शामिल हैं। इसके अलावा 20 डॉर्मेट्री बेड भी उपलब्ध हैं। भारतीय पर्यटक 45 दिन और विदेशी पर्यटक 90 दिन पहले ऑनलाइन बुकिंग करा सकते हैं। सीजन की कई तारीखें पहले ही फुल हो चुकी हैं।
पिछले सत्र में ढाई लाख पर्यटकों ने देखा जंगल
कॉर्बेट में 15 नवंबर 2025 से 15 जून 2026 तक 2,50,597 पर्यटक पहुंचे। इनमें 2,40,646 भारतीय और 9,951 विदेशी सैलानी शामिल थे। इस दौरान सफारी में 2,11,360, कैंटर में 25,197 और नाइट स्टे में 14,040 बुकिंग हुईं। ढिकाला नाइट स्टे पर्यटकों की पहली पसंद रहा। यहां कुल नाइट स्टे बुकिंग में 68.56 प्रतिशत हिस्सेदारी दर्ज की गई। पार्क को इस दौरान 24.62 करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व मिला।




