CM Dhami Tries Open Gym Equipment, Plays Cricket in Lohiahead Uttarakhand
लोहियाहेड, 1 March 2026 । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का अलग अंदाज उस समय देखने को मिला जब उन्होंने गांधी फुटबॉल मैदान, लोहियाहेड में नवनिर्मित ओपन जिम का लोकार्पण करने के बाद स्वयं जिम उपकरणों पर हाथ आजमाए। इस दौरान उन्होंने न केवल व्यायाम किया, बल्कि मैदान में क्रिकेट खेलकर खिलाड़ियों का उत्साह भी बढ़ाया। मुख्यमंत्री का यह सहज और ऊर्जावान रूप युवाओं के लिए प्रेरणादायी बन गया।
टोयोटा किर्लोस्कर मोटर के सहयोग से निर्मित इस ओपन जिम का उद्घाटन करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली के लिए प्रोत्साहित कर रही है और खेल एवं फिटनेस से जुड़ी सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि “देवभूमि अब खेलभूमि के रूप में भी अपनी नई पहचान बना रही है।”
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्वास्तिक नर्सिंग कॉलेज की वार्षिक खेल प्रतियोगिता का भी शुभारम्भ किया। खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ खेलों का संतुलन बेहद जरूरी है। खेल व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ-साथ अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता को भी मजबूत बनाते हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने खिलाड़ियों को लक्ष्य निर्धारित कर अनुशासन के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी और कहा कि आज खेलों में करियर की असीम संभावनाएं हैं। उन्होंने केंद्र सरकार की ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया’ जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे देश में खेलों का बुनियादी ढांचा मजबूत हुआ है और खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिले हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य का नाम रोशन किया है। सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और उन्हें बेहतर संसाधन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य में रोजगार के अवसरों का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि अब तक 28 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है और इस वर्ष 10 हजार और युवाओं की भर्ती की जाएगी।




